देश में पिछले 24 घंटों में आए कोरोना के 3,688 नए मामले

देश में कोरोना संक्रमण अब प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटों में कोरोना के 3,688 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस दौरान 2,755 लोग डिस्चार्ज हुए और कोरोना से 50 लोगों की मौत हुई है। गौरतलब है कि कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी के साथ कई शहरों में नए म्यूटेंट का मिलना भी एक चिंता का विषय बन गया है।
एक्टिव मामले 18000 के पार पहुंचे
कोरोना के नए मामलों में इजाफे के साथ एक्टिव मामले भी अब बढ़कर 18,684 हो गए हैं। इसी के साथ देश में अब कुल कोरोना मामले बढ़कर 4,30,75,864 हो गए हैं। वहीं कोरोना से कुल मौतों का आंकड़ा भी अब 5,23,803 पर पहुंच गया है।
दिल्ली में 5,000 के पार पहुंचे एक्टिव केस
राजधानी दिल्ली में भी कोरोना मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दिल्ली सरकार द्वारा जारी कोरोना हेल्थ बुलेटिन के अनुसार राज्य में बीते 24 घंटे में 1,607 नए कोरोना केस मिले हैं। वहीं अब एक्टिव मामलों की संख्या भी पांच हजार के पार पहुंच गई है। एक्टिव केस अब बढ़कर 5,609 हो गए हैं, वहीं बीते 24 घंटों में 1,246 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं 2 ने इस दौरान अपनी जान गवाईं है। इसी के साथ अब राज्य में पोजिटिविटी दर 5.28 फीसद पर आ गई है।





