34 मिनट की रिकॉर्डिंग में ASI बोले- फोन पर मत कर ऐसी बात

अम्बाला सिटी.नारायणगढ़ के सीआईए में तैनात एएसआई रूप सिंह पर गांव भूंडमाजरी के रोशन ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में 34 मिनट का एक ऑडियो क्लिपिंग भी विजिलेंस को सौंपी गई है जिसमें एएसआई शिकायतकर्ता से फोन पर ऐसी बात न करने का मशविरा दे रहे हैं। साथ ही मामले से जुड़े किसी सुरेंद्र नाम के शख्स को पुलिस स्टेशन आने की बात कह रहे हैं। मगर मामले में विजिलेंस डीएसपी सुभाष शिकायत के आधारहीन और झूठे होने का दावा कर रहे हैं। इसे लेकर प्रभावित परिवार ने डीजीपी विजिलेंस एसएन वशिष्ठ से मुलाकात की।
34 मिनट की रिकॉर्डिंग में ASI बोले- फोन पर मत कर ऐसी बात
शहजादपुर के गांव भूंडमाजरी में रहने वाले रोशन ने कुछ दिन पहले विजिलेंस एसपी केपी सिंह को शिकायत सौंपी थी। जो नारायणगढ़ सीआईए में तैनात एएसआई रूप सिंह के खिलाफ थी। आरोप था कि एएसआई उनके बेटे गुलशन का नाम झूठे मुकदमे में फंसाने का डर दिखाकर पैसों की मांग कर रहा है। वह दस हजार मांग रहा है मगर सौदा छह हजार में तय हुआ है। साथ ही इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा एक ऑडियो क्लिप भी विजिलेंस को सौंपा था। लिहाजा, एसपी ने शिकायत की जांच डीएसपी सुभाष को सौंपी। मगर डीएसपी को जांच के दौरान रोशन की शिकायत में सच्चाई नजर नहीं आई। यही कारण था कि उन्होंने इस पर एफआईआर दर्ज नहीं की।

ये भी पढ़े: सम पलटा, तेज हवाओं के साथ छाए बादल फिर जमकर बरसे मेघ

दूसरी तरफ, विजिलेंस की इस कार्रवाई को लेकर मार्केट में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसे लेकर विजिलेंस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान उठ रहा है।
डीएसपी ने कहा, झूठी है शिकायत| मामले में डीएसपी सुभाष का कहना है कि जो ऑडियो क्लिप दिया गया है, उसमें किसी तरह की सच्चाई नजर नहीं आ रही है। बात भी पूरी तरह से साफ नहीं है। एएसआई पर गलत आरोप लगाया जा रहा है। अभी तक की जांच में सभी आरोप झूठे पाए गए हैं।
 
ऑडियो में इतनी बात
जो ऑडियो विजिलेंस को सौंपी गई है, उसमें रोशन और एएसआई के बीच बातचीत हो रही है। जिसके मुताबिक- मैं रोशन बोल रहा हूं। हां, बोलो-बोलो। सर, वो पैसे आज रात को बनेंगे। इस पर रूप सिंह बोले कि फोन पर ऐसी बात मत करो। सुरेंद्र को भेजना और बयान लिखवाने कब आओगे। जिस पर रोशन ने अगली सुबह आने की बात कहकर फोन रख दिया।
 
एसपी बोले, चल रही है जांच
रोशन की शिकायत को डीएसपी विजिलेंस के पास भेजा गया है। शिकायतकर्ता के बेटे का रिकॉर्ड भी सही नहीं है। मामले में सीआईए के भी बयान लिए जाएंगे। वह खुद इस मामले में डीजीपी से मिले हैं। अब जांच के बाद ही किसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
– केपी सिंह, एसपी विजिलेंस अम्बाला।
Back to top button