30 सालों के बाद अब हुई शादी, 67 का दूल्‍हा, 65 की दुलहन, जानिए पूरा मामला…

केरल के त्रिसूर जिले के रामवरमपुरम में स्थित सरकारी ओल्‍ड एज होम में रहने वाले 67 वर्षीय कोचनियान मेनन और 65 वर्षीय लक्ष्‍मी अम्‍मल शनिवार को शादी के बंधन में बंध गए। दोनों एक-दूसरे को 30 सालों से जानते थे। दोनों की किस्‍मत ऐसी रही कि यह दोस्‍ती प्‍यार में बदल गई और उन्‍होंने शादी का फैसला किया।

शादी के दौरान लक्ष्‍मी अम्‍मल सिल्‍क से बनी लाल साड़ी और जूलरी में नजर आईं। उन्‍होंने अपने बालों में चमेली के फूलों से बना गजरा लगा रखा था। उधर, मेनन ने परंपरागत सफेद मुंडू और शर्ट पहन रखी थी।

शादी में हिस्‍सा लेने के लिए केरल सरकार में राज्य मंत्री वीएस सुनील कुमार भी पहुंचे। पहले यह शादी 30 दिसंबर को होनी थी लेकिन लक्ष्‍मी अम्‍मल ने पहले शादी करने पर जोर दिया।

सुबह करीब 11 बजे शादी होने के बाद मेहमानों को भोज भी दिया गया। मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि यह मेरे जीवन का सबसे खूबसूरत पल है। यह शादी मेरे लिए यादगार रहेगी।

यह भी पढ़ें: सावधान: गर्लफ्रेंड का चुम्मा भी ले सकता है आपकी जान, जानिए कैसे?

मंत्री कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित ओल्‍ड एज होम में यह अपने तरह की पहली शादी है। उन्‍होंने कहा कि दूल्‍हा और दुलहन दोनों ही जब मंडपम में पहुंचे तो बेहद खुश नजर आ रहे थे।

लक्ष्‍मी अम्‍मल और मेनन पिछले 30 साल एक-दूसरे को जानते थे लेकिन पिछले कुछ वर्षों से उनका संपर्क कट गया था। मेनन अम्‍मल के पति के सहायक हुआ करते थे जिनकी 21 साल पहले मौत हो गई थी।

पति की मौत के बाद अम्‍मल अपने रिश्‍तेदारों के साथ रहती थीं और दो साल पहले वह ओल्‍ड एज होम में रहने लगीं। मेनन भी दो महीने पहले इसी ओल्‍ड एज होम में रहने आ गए। इसके बाद 30 साल की दोस्‍ती प्‍यार में बदल गई और दोनों ने शादी करने का फैसला किया।

Back to top button