देश में पिछले 24 घंटे में 3.66 लाख कोरोना के नए मामले, 3754 मौत

कोरोना क खिलाफ जंग में अच्छे संकेत मिलने लगे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना महामारी की दूसरी लहर में चार दिनों बाद पहली बार एक दिन में चार लाख से कम नए मामले मिले हैं और दैनिक मौतों का आंकड़ा भी चार हजार से कम रहा हुआ है। नए मामलों और ठीक होने वाले मरीजों की बीच का फासला भी तेजी से कम हो रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 3,66,161 नए मामले मिले हैं। पिछले चार दिनों से रोज चार लाख से ज्यादा नए मामले मिल रहे थे। इस दौरान 3,754 और मरीजों की मौत हुई है। पिछले दो दिनों से चार हजार से ज्यादा मौतें हो रही थीं। 3,53,818 मरीज पूरी तरह से ठीक हुए हैं। इस तरह कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 2,26,62,575 पहुंच गया है। इनमें से अब तक 1,86,71,222 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 2,46,116 मरीजों की जान जा चुकी है। सक्रिय मामले 37,45,237 हो गए हैं।
इस दौरान महाराष्ट्र में 48,401 नए मरीज पाए गए हैं और 572 लोगों की मौत हुई है। पांच अप्रैल के बाद पहली बार महाराष्ट्र में 50 हजार से कम मामले मिले हैं। पिछले कुछ दिनों से राज्य में रोजाना आठ सौ से ज्यादा मौतें हो रही थी, वह भी कम हुई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और केरल समेत अन्य कई राज्यों में दैनिक मामलों में कमी आई है, लेकिन कर्नाटक में हालात नहीं सुधर रहे। यहां 47,930 नए केस मिले हैं और 490 मौतें हुई हैं। उत्तर प्रदेश में 294, दिल्ली में 273, तमिलनाडु में 236, पंजाब में 191, छत्तीसगढ़ में 189, राजस्थान में 159 और हरियाणा में 151 और मरीजों की जान गई है।
सर्वाधिक नए केस वाले राज्य :
महाराष्ट्र: 48,401 नए केस, 51.01 लाख कुल केस
कर्नाटक: 47,930 नए केस, 19.34 लाख कुल केस
केरल: 35,801 नए केस, 19.02 लाख कुल केस
तमिलनाडु: 28,897 नए केस, 13.80 लाख कुल केस
उत्तर प्रदेश: 23,175 नए केस, 15.03 लाख कुल केस
आंध्र प्रदेश: 22,164 नए केस, 12.87 लाख कुल केस
बंगाल: 19,441 नए केस, 9.93 लाख कुल केस
राजस्थान: 17,921 नए केस, 7.56 लाख कुल केस
हरियाणा: 13,548 नए केस, 6.15 लाख कुल केस
दिल्ली: 13,336 नए केस, 13.23 लाख कुल केस





