2020 में नेशनल गेम्स की मेजबानी करेगा उत्तराखंड, भारतीय ओलंपिक संघ ने सरकार को भेजा पत्र
उत्तराखंड वर्ष 2020 में राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करेगा। इस संबंध में हाल ही में भारतीय ओलंपिक संघ ने एक पत्र राज्य सरकार को भेजा है। इस पत्र के हिसाब से सरकार ने राष्ट्रीय खेलों की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उत्तराखंड को 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी वर्ष 2018 में करनी थी लेकिन अभी तक पूर्व के खेल नहीं हो पाए हैं। इस बीच गोवा ने 36वें राष्ट्रीय खेल इसी साल कराने पर सहमति दी है। लिहाजा, भारतीय ओलंपिक संघ ने प्रदेश सरकार को पत्र भेजा है।
पत्र में साफ किया गया है कि अगर इस वर्ष गोवा राष्ट्रीय खेल कराता है तो उत्तराखंड में 2020 में राष्ट्रीय खेल आयोजित हो सकते हैं। ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता के मुताबिक, प्रदेश सरकार उसी हिसाब से अपनी तैयारियां पूरी कर ले। इस आधार पर खेल सचिव डॉ. भूपेंद्र कौर औलख ने आगे की तैयारियों के लिए संबंधित विभाग और अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है।





