2019 विश्व कप को लेकर हिटमैन ने दिए महत्वपूर्ण संकेत, किन खिलाड़ियों के साथ जाएगी टीम इंडिया

टीम इंडिया के धाकड़ ओपनर रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वन-डे सीरीज से पहले 2019 विश्व कप को लेकर के बारे में महत्वपूर्ण संकेत दिए हैं। इसके साथ ही हिटमैन ने यह भी बताया कि टीम इंडिया में एमएस धोनी की कितनी अहमियत है।
धोनी की उपस्थिति से टीम के माहौल और कप्तान को मदद मिलने के बारे में बात करते हुए रोहित ने कहा, ‘इतने सालों में हम देखते आएं हैं कि मैदान के अंदर और ड्रेसिंग रूम में धोनी की मौजूदगी कितनी मायने रखती है। उनकी मौजूदगी से टीम में शांति का माहौल बना रहता है। धोनी की उपस्थिति से कप्तान को मदद मिलती है और फिर बल्लेबाजी के समय वह फिनिशिंग टच बहुत जरूरी है।’
इसके साथ ही रोहित शर्मा ने 2019 विश्व कप के लिए टीम संयोजन के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि विश्व कप में भी वही टीम नजर आएगी जो ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगी। इसका मतलब एमएस धोनी का 2019 विश्व कप खेलना लगभग तय है।
रोहित ने कहा, ‘आप विश्व कप में यही टीम देखेंगे। टीम में एक या दो बदलाव हो सकते हैं, वो भी प्रदर्शन के आधार पर या फिर किसी के चोटिल होने पर। मगर मुझे नहीं लगता कि टीम में बड़े फेरबदल होंगे। मेरा मानना है कि हर चीज खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निर्भर करती है।’
रोहित शर्मा के पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वन-डे सीरीज में महान विव रिचर्ड्स को पीछे छोड़ने का शानदार मौका होगा। रोहित और विव दोनों ने ही ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन-तीन शतक जमाए हैं। रोहित ने जहां सिर्फ 16 वन-डे में यह कमाल किया, वहीं विव ने 40 मैचों में तीन शतक जमाए थे। ऐसे में रोहित के पास कंगारुओं के खिलाफ उसी की धरती पर सबसे ज्यादा शतक जमाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने का शानदार मौका होगा।





