दीवाली तक निकलना शुरू होंगें एटीएम से 200 रुपए के नोट

आरबीआई ने पिछले हफ्ते 200 रुपये के नोट जारी किए थे। लेकिन इसे अभी एटीएम के जरएि लोगों तक पहुंचने में दो-तीन माह का वक्त लग सकता है। इसके जरिए एटीएम को पहले उपयुक्त बनाया जाएगा। कुछ बैंकों ने एटीएम कंपनियों से कह भी दिया है कि वे मशीनों को उसके उपयुक्त बनाने के लिए नए नोट का परीक्षण शुरू कर दें।
यद्यपि बैंकों को नए नोट की आपूर्ति नहीं हुई है। पिछले साल नवंबर में की गई नोटबंदी के बाद बैंकों ने एटीएम मशीनों को नए नोटों के उपयुक्त कराया था। आरबीआई ने एक बयान जारी कर कहा था कि 200 रुपये के नोट की आपूर्ति जल्द शुरू कर दी जाएगी। लेकिन आरबीआई ने यह नहीं बताया है कि ये नोट पर्याप्त मात्रा में कबतक उपलब्ध हो जाएंगे।
नोटबंदीः पूर्व गवर्नर ने किया खुलासा, मैंने नहीं किया था समर्थन
एटीएम बनाने वाली कंपनियों ने कहा है कि उन्हें आरबीआई से 200 रुपये के नए नोट के अनुरूप एटीम में बदलाव करने के बारे में कोई दिशानिर्देश नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि कुछ बैंकों ने अनाधिकारिक रूप से उनसे कहा है कि वे नए नोट का परीक्षण शुरू कर दें, क्योंकि इसका आकार अलग है। देश में कुल 2.25 लाख एटीएम मशीनें हैं, और अभी उन्हें नए नोट के अनुरूप बनाया जाना बाकी है।
एजीएस ट्रांसैक्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक रवि बी. गोयल ने आईएएनएस को बताया, “लेकिन एटीएम के अनुकूल बनाने प्रक्रिया आरबीआई से निर्देश मिलने के बाद ही शुरू होगी। नए नोटों का आकार प्रचलन में चल रहे नोटों से अलग है। जैसे ही हमें नए नोट मिलेंगे, हम उसके आकार को समझेंगे और उसके हिसाब से एटीएम को बना पाएंगे।
उसके बाद हमें यह देखना होगा कि क्या नोटों की आपूर्ति एटीएम को पूरी क्षमता से चलाने के लिए पर्याप्त है।” यह कंपनी 60 हजार एटीएम मशीनें स्थापित कर चुकी है।





