1984 anti Sikh riots: सज्जन कुमार की बढ़ी मुश्किल, दिल्ली की कोर्ट में चाम कौर ने दी गवाही

1984 के सिख विरोधी दंगे (1984 anti Sikh riots) के एक और मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में सोमवार को हुई सुनवाई में पीड़िता चाम कौर की गवाही हुई। इस दौरान इस मामले में आरोपित सज्जन कुमार भी कोर्ट में मौजूद थे। अब इस मामले में कोर्ट 4 फरवरी को सुनवाई करेगा। इससे पहले 22 जनवरी को हुई सुनवाई में सज्जन कुमार के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया था।
जिस केस की सुनवाई सोमवार को हुई उस केस में (सु्ल्तानपुर में दंगा केस) सज्जन कुमार पर हत्या और दंगे भड़काने का आरोप है। यह केस भी सिख विरोधी दंगे से जुड़ा है। यह केस सीबीआइ के द्वारा नानावती आयोग की सिफारिश पर दर्ज किया गया था। इस केस में भी फैसले आने पर सज्जन कुमार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बता दें कि सिख विरोधी दंगे में एक मामले में उन्हें पहले ही उम्रकैद की सजा मिली है।
इससे पहले सिख दंगे के एक मामले में दिल्ली हाई कोर्ट की डबल बेंच ने 18 दिसंबर को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन कुमार समेत चार लोगों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसी मामले में किशन खोखर और पूर्व विधायक महेंदर यादव को 10 साल जेल की सजा मिली है। इससे पहले निचली अदालत ने सज्जन कुमार को बरी कर दिया था।
दिल्ली हाईकोर्ट ने निचली अदालत का फैसला पलटते हुए सज्जन कुमार को दंगा भड़काने और लूटपाट हत्या की साजिश के जुर्म में उम्रकैद की सजा दी थी। कोर्ट ने कहा था कि सज्जन कुमार जीवित रहने तक कैद में रहेंगे। निचली अदालत ने उन्हें बरी किया था।





