19 सितंबर से खेला जाएगा IPL 2020, आइपीएल के चेयरमैन ने बताया…

इंडियन प्रीमियर लीग यानी आइपीएल के 13वें सीजन के आयोजन को लेकर आधिकारिक ऐलान हो गया है। आइपीएल के चेयरमैन बृजेश पटेल ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि कर दी है कि आइपीएल 2020 कब और कहां खेला जाएगा। आइपीएल के चेयरमैन की मानें तो पूरा टूर्नामेंट संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई में खेला जाएगा, क्योंकि भारत में कोरोना वायरस के केस लगातार बढ़ रहे हैं। बृजेश पटेल ने ये भी बताया है कि आइपीएल की शुरुआत 19 सितंबर से होगी, जबकि दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग का फाइनल मुकाबला 8 नवंबर को खेला जाएगा। 

IPL के चेयरमैन और बीसीसीआइ अधिकारी बृजेश पटेल ने न्यूज एजेंसी पीटीआइ को बताया है कि इंडियन प्रीमियर लीग 2020 की शुरुआत 19 सितंबर से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 8 नवंबर को खेला जाएगा। बीसीसीआइ ने आइपीएल के 13वें सीजन के आयोजन के लिए यूएई की तीन जगहों को फाइनल किया है, जिनमें दुबई, अबुधाबी और शारजाह हैं। इन्हीं तीन जगहों पर आईपीएल के सभी मुकाबले खेले जाएंगे, क्योंकि भारत में कोरोना वायरस महामारी काबू में नहीं है। 

बता दें कि आइपीएल 2020 का आगाज 29 मार्च से होना था, लेकिन उससे पहले भारत में कोरोना वायरस के मामले सामने आ गए थे। ऐसे में बीसीसीआइ ने लीग को पहले 15 अप्रैल तक के लिए स्थगित किया था, लेकिन 16 अप्रैल को बीसीसीआइ ने इसे अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया था। हालांकि, एक समय ऐसा लग रहा था कि आइपीएल का आयोजन इस साल नहीं हो पाएगा, क्योंकि बीसीसीआइ के पास कोई विंडो नहीं बची थी, लेकिन दो बड़े टूर्नामेंट स्थगित होने से आइपीएल को विंडो मिल गई। 

दरअसल, पहले एशिया कप और फिर आइसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2020 के स्थगित होने के बाद बीसीसीआइ को दुनिया की सबसे महंगी टी20 लीग के आयोजन के लिए सितंबर-नवंबर की विंडो मिल गई, क्योंकि पहले सितंबर में एशिया कप होना था और फिर अक्टूबर-नवंबर में टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन होना था, लेकिन इस साल के लिए ये टूर्नामेंट कैंसिल हो गए हैं। 

Back to top button