17 सितंबर को PM मोदी अपना 69वां जन्मदिन वाराणसी में दिव्यांग बच्चों के साथ मनाएंगे…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर सादगी का संदेश देने की कोशिश करते हैं और हर जन्मदिन पर कुछ खास करते हैं. अब एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खास तरीेके से जन्मदिन मनाने जा रहे हैं. 17 सितंबर को प्रधानमंत्री अपना 69वां जन्मदिन संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दिव्यांग बच्चों के साथ मनाएंगे.
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए वाराणसी प्रशासन पूरे शहर को चमकाने और सजाने में जुट गया है. जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री के 69वें जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी के 69 मंदिरों में भजन संध्या होगी, तो 69 स्थानों पर ही दीपदान किया जाएगा.
फिट इंडिया होगी थीम?
पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे शहर में शंखनाद का भी इंतजाम किया गया है. हालांकि अभी पीएमओ की तरफ से प्रधानमंत्री का पूरा प्रोटोकॉल नहीं आया है. लेकिन प्रशासन के साथ-साथ पार्टी स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं.
आपको बता दें कि यह लगातार दूसरा मौका है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना जन्मदिन वाराणसी में मनाएंगे. इस बार जन्मदिन की थीम फिट इंडिया पर आधारित हो सकती है.
इसके लिए एक हफ्ते पहले यानी 13 सितंबर से ही स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे. जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री 17 सितंबर को गुजरात में अपनी मां से आशीर्वाद लेने के बाद वाराणसी पहुंचेंगे और वहां पर दिव्यांग बच्चों से मुलाकात करेंगे.
काशी को देंगे रिटर्न गिफ्ट
इसके बाद प्रधानमंत्री का वाराणसी के प्रबुद्धजनों से मुलाकात करने का कार्यक्रम भी है. वाराणसी में 17 सितंबर को पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल में एक बहुत बड़े रक्तदान शिविर की भी तैयारी की जा रही है. इस शिविर में रक्तदान का रिकॉर्ड बनाने की भी तैयारी है.
इसके अलावा भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन के दिन काशीवासियों को संबोधित कर उन्हें कई परियोजनाएं उपहार के रूप में देंगे. पीएम मोदी अक्सर अपने जन्मदिन पर अपनी मां का आशीर्वाद लेने गुजरात जाते हैं, इसके अलावा इससे पहले पीएम कई बार जवानों के साथ त्योहार और जन्मदिन मना चुके हैं.





