17 जून से कोटा में राहुल गांधी का राष्ट्रव्यापी संवाद कार्यक्रम

कोटा। कांग्रेस पार्टी देशभर में युवाओं से जुड़े मुद्दों, पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर एक बड़ा राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोचिंग हब कोटा से होगी, जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी देश के विभिन्न शहरों में छात्र सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। पहले चरण में 17 जून को कोटा, 10 जुलाई को इलाहाबाद, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना और सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करना है।
कांग्रेस का कहना है कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों और बढ़ती बेरोजगारी ने करोड़ों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी छात्रों, अभ्यर्थियों, शिक्षकों और युवा संगठनों को जोड़कर एक व्यापक आंदोलन चलाने की तैयारी में है।
कार्यक्रम को लेकर कोटा में तैयारियां तेज हो गई हैं। कोटा जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम और कोटा देहात कांग्रेस अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए शहर में चार संभावित स्थानों पर विचार किया जा रहा है। इनमें नेवाजी पैलेस कुन्हाड़ी, श्रीनाथपुरम स्टेडियम, श्रीराम रंगमंच दशहरा मैदान और दादाबाड़ी क्षेत्र शामिल हैं। AICC की टीम पहले ही कोटा पहुंच चुकी है और स्थल चयन तथा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है।
कोटा, जिसे देश की ‘कोचिंग सिटी’ कहा जाता है, इस अभियान का पहला पड़ाव बनाया गया है ताकि देशभर के छात्रों को एक मजबूत संदेश दिया जा सके। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि यहां से शुरू हुआ यह संवाद अभियान अन्य राज्यों में भी युवाओं के बीच प्रभाव डालेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस पहल का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं, पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस देशव्यापी आंदोलन चलाएगी और युवाओं के भविष्य की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।





