देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1660 नए मामले, मौत का आकड़ा…

कोरोना वायरस के संक्रमण के केस में गिरावट का दौर लगातार जारी है. पिछले 24 घंटे के दौरान देश भर में महज 1660 केस आए हैं. जबकि मौत के 4100 केस दर्ज किए गए हैं. बता दें कि ये मौत के पुराने आंकड़े हैं जो कुछ राज्यों ने अब जाकर जारी किए हैं. एक्टिव केस की संख्या 16,741 पर पहुंच गई है. जबकि देश देश भर में अब तक कोरोना वैक्सीन की 1,82,87,68,476 डोज लगाई जा चुकी है.

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 16,741 हो गई है जो 702 दिनों में सबसे कम है और कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है. राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 98.75 प्रतिशत है.

महाराष्ट्र में कोरोना
महाराष्ट्र में शुक्रवार तक रिपोर्ट की गई गैर-कोविड मृत्यु (4,005) को शामिल करने के कारण सबसे अधिक मृतक संख्या दर्ज हुई थी. मीडिया बुलेटिन के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटों में इस रोग के कारण दो लोगों की मौत हुई है. देश में उपचाराधीन मामलों में पिछले 24 घंटे में 4,789 मामलों में कमी दर्ज की गई.

मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 0.25 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.29 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में संक्रमण की पुष्टि के लिए कुल 6,58,489 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई. भारत ने अब तक 78.63 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच हुई है. स्वस्थ होने वालों की संख्या 4,24,80,436 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत दर्ज की गई है. देश में अब तक 182.87 करोड़ से अधिक लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी जा चुकी है.

केरल में कोरोना
केरल में शुक्रवार को 543 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 65,30,194 हो गई है. इसके अलावा मौत के 81 मामले सामने आने के बाद मृतकों की तादाद 67,631 तक पहुंच गई है. वहीं, कर्नाटक में कोरोना वायरस संक्रमण के 89, ओडिशा में 55, आंध्र प्रदेश में 40 और लद्दाख में दो नए मामले सामने आए.

कर्नाटक में कोरोना
वहीं, कर्नाटक में कोरोना वायरस संक्रमण के 89 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 39,45,168 हो गई है. इसके अलावा चार रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद 40,048 तक पहुंच गई है.  बुलेटिन में कहा गया है कि 85 और लोगों के संक्रमण मुक्त होने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 39,03,286 तक पहुंच गई है.

ओडिशा का हाल
ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमण के 55 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 12,87,378 हो गई है. संक्रमण से मौत का कोई नया मामला सामने नहीं आया और मृतकों की तादाद अब भी 9,117 है. स्वास्थ्य बुलेटिन में यह जानकारी दी गई . (भाषा इनपुट के साथ)

ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |

Back to top button