15 अगस्‍त : माहौल खराब करने की हो रही साजिश, कई लोगों को आ रहे भड़काऊ कॉल और मैसेज

नई दिल्ली। 15 अगस्‍त से ठीक पहले देश में माहौल खराब करने को लेकर एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। दरअसल 15 अगस्‍त से ठीक पहले दिल्‍ली और यूपी में कई लोगों के मोबाइल पर कई साजिश वाले कॉल और मैसेज आए हैं। इसको लेकर लखनऊ के हजरतगंज थाने में एफआईआर भी दर्ज की गई है।

वहीं इस मामले की जांच एडीजी कानून व्‍यवस्‍था ने कमिश्‍नर को सौंपी है। इसको लेकर कमिश्‍नर सुजीत पां‍डेय ने बताया कि देश की सद्भावना बिगाड़ने को लेकर ऑडियो वायरल किया गया है। वहीं इसके बाद हज़रतगंज में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

इन कॉल्स के जरिए इस्लाम के नाम पर पीएम नरेंद्र मोदी को लाल किले पर झंडा फहराने से रोकने की साजिश रची जा रही है। राजधानी दिल्ली के कुछ लोगों ने भी इन कॉल्स के बारे में दिल्ली पुलिस को बताया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल साजिश के इन कॉल्स की सोर्स का पता लगाने में जुट गई है। वहीं खबर यह भी हे कि इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी मामला दर्ज कर सकती है।

कॉल करने वाले शख्‍स की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी वायरल हो रही है। इस ऑडियो रिकॉर्डिंग में कॉल करने वाला शख्स खुद को यूसुफ अली बता रहा है और कह रहा है कि आप जानते हैं कि मोदी सरकार बाबरी मस्जिद की जगह राम मंदिर तामीर कर रही है। ये भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने की शुरुआत है। ये मेरी तमाम मुसलमान भाई और बहनों से अपील है कि आइए 15 अगस्त को नरेंद्र मोदी को हिंदुस्तानी परचम लहराने से रोकें।

ऑडियो में आगे ये भड़काऊ शख्स कहता है कि हमें सिख भाई बहनों से सीखना चाहिए, जो अपनी आजादी और अलग मुल्क खालिस्तान को कायम करने के लिए रेफरेंडम 2020 कर रहे हैं, हमें भी हिंदुस्तान से मुलमानों के लिए अलग उर्दुइस्तान बनाने के लिए काम करना चाहिए। अल्लाह हाफ़िज़।

Back to top button