बिल गेट्स ने किया अब तक का सबसे बड़ा दान, रकम जान रह जाएंगे हैरान !

वॉशिंगटनः अमरीका की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और दुनिया के सबसे अमीर आदमी बिल गेट्स ने दान में इतनी बड़ी रकम दी है कि आप जान कर हैरान रह जाएंगे। उन्होने इस बार 4.6 अरब डॉलर दान किए हैं जो साल 2000 के बाद से गेट्स की ओर से किए गए दानों में सबसे बड़ी रकम है। बताया जा रहा है कि उन्होंने सदी का सबसे बड़ा दान करते हुए माइक्रोसॉफ्ट के 6.7 करोड़ शेयर दान किए हैं, जो उनकी कुल संपत्ति का 5 फीसदी है।

इतना दान देने के बाद भी बिल गेट्स दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। ब्लूमबर्ग की अरबपतियों वाली लिस्ट में इनकी संपत्ति 86.1 अरब डॉलर आंकी गई है। गेट्स ने इस साल 6 जून को यह दान दिया था, लेकिन इसके बारे में जानकारी हाल ही उस वक्त सामने आई, जब उन्होंने यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन में दस्तावेज दिए। हालांकि, यह पता नहीं चल पाया है कि गेट्स ने यह दान किसे दिया है।

मगर, इतना पता चला है कि उन्होंने यह रकम नॉन प्रॉफिट फाउंडेशन को दी है। बिल गेट्स ने अपनी पत्नी मिलिंडा गेट्स के साथ मिलकर कुल 35 अरब डॉलर कैश और स्टॉक्स दान दिए हैं। बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन के जरिये परोपकारी कामों को अंजाम देने के लिए वे इस तरह के काम करते रहते हैं। यह संस्था गरीबी मिटाने, बीमारियों से लड़ने और हर व्यक्ति तक कंप्यूटर की पहुंच मुहैया कराने के लिए काम कर रही है।

Back to top button