10 माह बाद हुआ हत्याकांड का खुलासा, जानें क्या है हकीकत

गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)। स्थानीय पुलिस ने दस माह पूर्व हुए विपिन शुक्ला हत्याकांड का आज खुलासा करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दस माह पूर्व ग्राम अमरपुरी हाल गदरपुर निवासी शेर बहादुर का पुत्र विपिन शुक्ला को लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा पुत्र संगत सिंह निवासी ब्लॉक कालोनी गदरपुर बुलाकर अपने साथ ले गया था किंतु जब रात तक विपिन घर नही लौटा तब काफी खोजबीन करने के उपरांत शेरबहादुर ने अपने पुत्र विपिन शुक्ला की गुमशुदगी की रिपोर्ट गदरपुर थाने में दर्ज करवाई। 19 अक्टूबर, 2019 को ग्राम चकफेरी बिलासपुर रामपुर यूपी के पास खेत मे एक सड़ी गली अवस्था में लाश बरामद हुई, जिसके बाद 15 नवम्बर, 2019 को शेरबहादुर शुक्ला ने पुनः तहरीर देते हुए लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करवाई किन्तु पुलिस को हत्यारोपित तक पंहुचने में दस माह का समय लग गया। जिले में नवागन्तुक पुलिस कप्तान दिलीप सिंह कुंवर द्वारा लंबित मामलों के खुलासे का आदेश दिए जाने पर गदरपुर पुलिस ने दो टीमें गठित कर शीघ्रता से हत्याकांड का खुलासा करते हुए लखविंदर उर्फ लक्खा को गिरफ़्तार कर लिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल ने आज प्रेस वार्ता में हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि अभियुक्त लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा और बताता रहा कि वह महतोष तक विपिन के साथ गया था और वहाँ से अपनी ससुराल चला गया था। विवेचना में आरोपित के बयान झूठे पाये गए। पुलिस की सख्ती पर आरोपित ने बताया कि विपिन शुक्ला और आरोपित दोनों नशे के आदी थे। स्मैक लेने दोनों मोटरसाइकिल से बिलासपुर जनपद, रामपुर गए थे। वापसी में ग्राम चकफेरी थाना बिलासपुर के पास खेत मे दोनों ने स्मैक का नशा किया और उसके बाद विपिन से स्मैक व मोबाईल छीनने के प्रयास में विपिन का गला घोंट दिया किन्तु विपिन उस समय मरा नहीं था। उसके बाद हत्यारोपित ने विपिन को कीटनाशक जबरदस्ती पिलाकर मार दिया। उसके बाद वह विपिन की मोटरसाइकिल लेकर आ गया। रास्ते मे महतोष पुलिस चौकी के पास कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल खड़ी कर टेम्पो से अपने घर पहुंचा। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपित ने अपराध कबूल लिया है और उसकी निशानदेही पर मृतक विपिन का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। अभियुक्त को हत्या और साक्ष्य छुपाने (धारा 302/201) के आरोप में जेल भेज दिया गया है।

Back to top button