हिसार एयरपोर्ट से 3 सितंबर से हवाई सेवा हो जाएगी शुरू, बस 1450 रुपये में करें यात्रा

हरियाणा के पहले हवाई अड्डा हिसार एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं शुरू होने का समय आखिरकार आ गया। 3 सितंबर से यहां से विमानों की उड़ान शुरू हो जाएगी। मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल 3 सितंबर को इसका शुभारंभ करेंगे। यहां से पहली फ्लाइट चंडीगढ़ जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए पायलट बनने का सपना भी इसी एयरपोर्ट से साकार होगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल हिसार एयरपोर्ट के लिए हवाई सेवाओं के साथ फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (एफटीओ) का भी शुभांरभ करेंगे।   

मुख्यमंत्री मनोहरलाल स्पाइस जेट के सात सीटर प्लेन में बैठकर जाएंगे चंडीगढ़

यह एफटीओ स्पाइस जेट लिमिटेड की मदद से स्थापित किया जा रहा है। शुरुआत में प्रति वर्ष कम से कम 100 कैडेट्स पायलटों का प्रशिक्षण यहां से होगा। इसमें, हरियाणा के विद्यार्थियों को अनेक सुविधाएं दी जाएंगी। जैसे कि चार मेधावी लड़कियों को समस्त उड़ान प्रशिक्षण के लिए फीस में 50 फीसद की रियायत मिलेगी।

हरियाणा के 10 फीसद विद्यार्थियों को ट्यूशन फीस पर 50 फीसद छूट दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, स्पाइसजेट 70 फीसद पायलट प्रशिक्षुओं के समावेश के साथ-साथ प्लेसमेंट भी सुनिश्चित करेगा। यह हिसार के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।

उड़ान स्कीम में हवाई सफर करवाने वाला पहला राज्य होगा हरियाणा

एयर शटल सेवा के शुरू होने से हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा, जिसने भारत सरकार की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना, उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) के निर्देशों के तहत राजकोषिय सहायता से एयर शटल सेवाओं के लिए एयर ऑपरेटरों से प्रस्ताव आमंत्रित करके क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की है। इसके तहत यात्रियों को मात्र 1450 रुपये में टिकट उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे एयरलाइंस को कोई घाटा नहीं होगा। टिकट का बाकी का किराया केंद्र व राज्य सरकार दोनों मिलकर वहन करेंगे।

ऐसे समझिए उड़ान का गणित

किराया प्रति व्‍यक्ति- 4450 रुपये

स्कीम के तहत किराया : 1450

राज्य सरकार वहन करेगी : 1500

प्रति टिकट केंद्र सरकार वहन करेगी: 1500

दूसरे फेज में होगा हवाई पट्टी का विस्तार

नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अपने प्रयासों के तहत राज्य सरकार प्रदेश में मौजूदा हवाई अड्डों के ढांचागत विकास पर जोर दे रही है। हिसार हवाई अड्डे पर दूसरे फेस में रनवे को 4,000 फीट से बढ़ाकर 10,000 फीट तक करने के कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है, जिससे एयरबस ए-320 जैसे बड़े विमान हिसार हवाई अड्डे पर उतर सकेंगे। पहले फेज का काम एयरपोर्ट पर खत्म हो चुका है। दूसरे फेज के काम के लिए टेंडर ओपन हो चुके हैं।

इन रूटों पर उड़ान शुरू करने की है योजना

– हिसार-दिल्ली

– हिसार-चंडीगढ़-देहरादून

– हिसार-चंडीगढ़-जम्मू

– हिसार-जयपुर

– हिसार-चंडीगढ़

Back to top button