हार्दिक पांड्या ने तो खुद को साबित कर दिया, अब केएल राहुल की बारी

खराब फॉर्म से जूझ रहे ओपनर लोकेश राहुल इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ भारत ए के पहले अनधिकृत टेस्ट मैच में वापसी करने की कोशिश करेंगे। मैच में भारत के तेज गेंदबाज युवा आवेश खान और युवा वरुण एरोन भी भाग लेंगे, जिनके प्रदर्शन पर राष्ट्रीय चयन समिति की निगाह रहेगी। विराट कोहली तीन और तेज गेंदबाज चाहते हैं ताकि तेज गेंदबाजों का उनका पूल मजबूत हो जाए।
आवेश ने घरेलू सत्र में अपनी रफ्तार से बल्लेबाजों को परेशान किया था। टीवी चैट शो पर महिला विरोधी टिप्पणी करने के लिए अंतरिम निलंबन के बाद वापसी कर रहे राहुल सीमित ओवरों के मैचों में अच्छा नहीं कर पाए हैं।
भारत के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने हाल में स्पष्ट किया कि वह चाहेंगे कि राहुल ‘ए’ टीम के साथ कई मैच खेलें ताकि फॉर्म हासिल कर सके। भारत ए टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने भी कर्नाटक के इस सलामी बल्लेबाज का समर्थन करते हुए कहा कि वह उनके कम स्कोर बनाने से चिंतित नहीं हैं।
अंकित बावने की अगुआई वाली भारत ए टीम में कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जिन्होंने घरेलू सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं लॉयंस की टीम का दौरा अभी तक इतना अच्छा नहीं रहा है। केरल के ऑल राउंडर जलज सक्सेना रणजी ट्रॉफी सत्र में मजबूत प्रदर्शन के बाद टीम में शामिल हैं, जिसमें सिद्धेश लाड के अलावा स्पिनर शाहबाज नदीम और मयंक मारकंडे को भी जगह मिली है।
याद हो कि कॉफी विद करन केस में निलंबित होने के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ वन-डे में वापसी करते हुए हार्दिक पांड्या ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए सभी विरोधियों का मुंह बंद कर दिया था।





