हाइटेक बनेगा लालकिले का मुमताज महल संग्रहालय, पहली बार प्रदर्शित की जाएंगी कई मुगलकालीन वस्तुएं

लालकिले के मुमताज महल संग्रहालय को पुरानी संरक्षण शैली से बदलकर हाइटेक बनाया जा रहा है। संग्रहालय में पहली बार कई मुगलकालीन वस्तुओं को पहली बार प्रदर्शित किया जाएगा। संग्रहालय में पहुंचने वालों को अब तक लेखपत्रों पर मौजूद जानकारी को पढ़कर जानकारी हासिल करनी होती थी, लेकिन अब यहां पर वन टच क्यिोस्क के साथ अन्य तकनीकी उपकरणों को लगाया जाएगा। ऑडियो और वीडियो सुविधाओं से लैस होने के बाद संग्रहालय पहुंचने वाले दर्शकों को अपनी रुचि के अनुसार जानकारी हासिल करने में खासी सुविधा होगी।
वहीं लालकिले परिसर में बने विश्व युद्ध संग्रहालय को भी हाइटेक बनाया जा रहा है। इन दोनों संग्रहालयों के संरक्षण के लिए फिलहाल पर्यटकों को लिए बंद कर दिया गया है और जल्द ही इन्हें नए रूप में खोला जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक मुमताज महज संग्रहालय में पर्यटकों के लिए उन वस्तुओं और साक्ष्यों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिन्हें पर्याप्त जगह ना होने के कारण अब तक नहीं प्रदर्शित किया जा सका था। इनमें वो वस्तुएं होंगी जिन्हें दशकों से एएसआई द्वारा सुरक्षित एवं संरक्षित तरीके से रखा गया है।
तीसरी बार बदलेगा मुमताज महल संग्रहालय का स्थान
बताया गया है कि मुमताज महल संग्रहालय को पहले पैलेस संग्रहालय के रूप में जाना जाता था। 1911 में लालकिले के नौबत खाने में बनाया गया था। जिसे बाद में ब्रिटिश शासकों ने मुमताज महल में स्थानांतरित कर दिया था। अब तीसरी बार मुमताज महल संग्रहालय का स्थान बदलने जा रहा है। संभावना है कि मुमताज महल संग्रहालय को ब्रिटिश काल में बनाई गई बैरक में बनाया जा सकता है। सूत्रों की मानें तो स्थान बदलने के कारणों में संग्रहालय में भीड़ की स्थिति में लोगों को होने वाली परेशानी और जेबतराशी भी शामिल है।





