हरियाणा में सिखों के बूते मिशन 2019 फतेह करने की तैयारी में भाजपा

हरियाणा में मिशन 2019 फतेह करने की तैयारी कर रही भाजपा की निगाह सिख मतदाताओं पर है। राज्य की चार लोकसभा और 24 विधानसभा सीटों पर चुनाव नतीजे प्रभावित करने की क्षमता रखने वाले सिख मतदाताओं को खुश करने के लिए भाजपा कोई कसर नहीं छोडऩा चाह रही। भाजपा ने सिखों के पहले गुरु श्री गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर पूरे राज्य में जनजागरण यात्रा निकालने का अहम निर्णय लिया है।
पार्टी सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश उत्सव पर सालभर कार्यक्रमों का आयोजन कर चुकी है। राज्यभर में निकलने वाली जन जागरण यात्रा की निगरानी खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे। उनके प्रधान सचिव आरके खुल्लर और डीपीआर समीर पाल सरो तमाम व्यवस्थाओं को संभालेंगे। सरकार ने एक ऐसी एप भी बनाने का निर्णय लिया है, जिसमें श्री गुरुनानक देव जी के बारे में विस्तृत जानकारी होगी।
भाजपा का सिखों पर खास फोकस लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है। प्रदेश में रजिस्टर्ड सिख मतदाताओं की संख्या 15 से 16 लाख के बीच है। सिरसा, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल चार लोकसभा क्षेत्र ऐसे हैैं, जहां ये निर्णायक भूमिका में हैैं। 24 विधानसभा सीटों पर 15 से 60 हजार तक सिख मतदाता किसी भी पार्टी की हार-जीत में अहम भूमिका निभाने का माद्दा रखते हैैं।
शिरोमणि अकाली दल (बादल) राज्य में चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुका है। इनेलो भी सिख मतदाताओं पर अपनी दावेदारी जताता रहा है। ऐसे में भाजपा ने दोनों दलों की रणनीति फेल करने के साथ ही सिखों का भरोसा जीतने की नीति पर काम तेज कर दिया है।
सिखों का भरोसा जीतने के लिए यह तैयार हुआ रोडमैप
- अगले साल नवंबर तक पूरे साल गुरु नानक देव जी के जीवन पर स्कूल-कालेजों में संगोष्ठी, खेल व अन्य कार्यक्रम होंगे।
- प्रदेश में पानी की उपलब्धता वाली किसी लेक पर ‘गगन में थाल आरती’ तथा ‘लाइट एंड साउंड’ शो का आयोजन शुरू होगा।
- युवाओं को नशे से मुक्ति के लिए गुरु नानक देव जी के नाम से नशा-मुक्ति केंद्र खोले जाएंगे।
- गुरुद्वारा दरबार साहिब करतारपुर के दर्शन करने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए सुविधा शुरू होगी।
गुरुओं ने सेवा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाया
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल का कहना है कि संत-महात्माओं व गुरुओं ने सेवा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाया। गुरु नानक देव जी ने 550 वर्ष पूर्व जन्म लेकर सामाजिक सद्भाव स्थापित करने का काम किया। सरकार गुरुजी की शिक्षाओं पर अमल करते हुए हर जरूरतमंद और गरीब की चिंता कर रही है। हम साल भर गुरुनानक देव जी की शिक्षाओं व सेवाओं को याद करेंगे।
कोई भी व्यक्ति वेबसाइट पर दे सकता सुझाव
सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक समीर पाल सरो का कहना है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में वर्तमान सरकार द्वारा महापुरुषों की जयंती सरकारी स्तर पर पहली बार मनाई जा रही है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। कोई भी व्यक्ति विभाग की वेबसाइट पर अपने सुझाव प्रेषित कर सकता है।





