हरियाणा में यहां खुलेगा नया उप-स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा ऐलान

हरियाणा सरकार ने बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में 2 बड़े और महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सरकार ने सोनीपत स्थित 200 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल की क्षमता को अपग्रेड कर 300 बिस्तरीय करने और हिसार जिले के ग्रामीण क्षेत्र पनिहार चक में एक नया उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है।

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इन दोनों प्रस्तावों को हरी झंडी दिखाई है, जिसमें सोनीपत के अस्पताल का अपग्रेडेशन विशेष रूप से शामिल है, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा इस वर्ष के बजटीय सत्र के दौरान की गई थी। सोनीपत के नागरिक अस्पताल की क्षमता में इस विस्तार से स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बहुत बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। 

वर्तमान में जिला अस्पताल पर मरीजों का भारी दबाव रहता था, लेकिन अब बिस्तरों की संख्या बढ़कर 300 होने से न केवल गंभीर मरीजों को बैड के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि अस्पताल में नए वार्डों का निर्माण, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और अतिरिक्त डाक्टरों व पैरामैडीकल स्टाफ की तैनाती का रास्ता भी साफ होगा।

Back to top button