हरभजन ने वनडे में नंबर चार के लिए इस बल्लेबाज का नाम सुझाया तो युवराज सिंह ने दिया ये फनी जवाब

भारतीय क्रिकेट टीम को अब भी नंबर चार के लिए एक ऐसे बल्लेबाज की जरूरत है जो इस स्थान पर लगातार अच्छी बल्लेबाजी कर सके। हालांकि पिछले कई वर्षों से ऐसे एक बल्लेबाज की तलाश जारी है, लेकिन अब तक इस पोजिशन के लिए कोई ठोस समाधान मिल नहीं पाया है। टीम मैनेजमेंट ने इसके लिए कई खिलाड़ियों को परखा पर नतीजा अभी भी शून्य ही है। अब टीम इंडिया के स्पिनर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने नंबर चार के लिए एक बल्लेबाज का नाम सुझाया है। 
हरभजन सिंह ने एक ट्वीट किया और लिखा कि सूंजू सैमसन (Sanju Samson) टीम इंडिया के लिए सबसे बेस्ट नंबर चार के बल्लेबाज साबित हो सकते हैं। सैमसन ने इंडिया ए के लिए साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ पांचवें अनाधिकारिक वनडे में 48 गेंदों पर 91 रन की पारी खेली थी और अपनी टीम को 36 रन से जीत दिलाई थी। हरभजन सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा कि वनडे में नंबर चार के लिए संजू सैमसन क्यों नहीं। उनके पास अच्छी तकनीक है और उन्हें खेल की भी अच्छी समझ है।
भज्जी के इस ट्वीट के बाद टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने इसका जवाब देते हुए कहा कि भारीतय टीम का टॉप ऑर्डर काफी मजबूत है इसलिए उन्हें नंबर चार के लिए बल्लेबाज की जरूरत ही नहीं है। ये लिखने के बाद युवराज सिंह ने नंबर चार की इमोजी लगाई। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले युवी ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि भारतीय टीम मैनेजमेंट क्या चाहती है किसी को कुछ भी पता नहीं है। अगर आप किसी खिलाड़ी को लगातार मौके नहीं दोगे तो वो तैयार कैसे होगा। नंबर पर चार पर लगातार बल्लेबाज को बदला जा रहा है ऐसे में कोई खिलाड़ी इस नंबर पर खुद को कैसे साबित करेगा।





