स्टार्क की मौजूदगी से मजबूती मिलेगी दिल्ली को, राजस्थान रॉयल्स और कैपिटल्स के बीच रोमांचक भिड़ंत आज

दिल्ली कैपिटल्स के पास पिछले कुछ मैच के निराशाजनक नतीजों पर विचार के लिए अधिक समय नहीं है क्योंकि टीम को शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग मैच में आत्मविश्वास से भरी राजस्थान रॉयल्स का सामना करना है। अक्षर पटेल की अगुआई वाली दिल्ली की टीम के लिए यह सत्र काफी मुश्किलों भरा रहा है।
पिछले दो मैच में टीम के प्रदर्शन में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। एक तरफ उन्होंने 250 से अधिक का स्कोर बनाया लेकिन विरोधी टीम ने विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए उस लक्ष्य को हासिल कर लिया। वहीं, दूसरी तरफ वे रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विरुद्ध सिर्फ 75 रन पर ऑलआउट हो गए।
बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी
दिल्ली के लिए सबसे बड़ी चिंता उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी रही है। केएल राहुल, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स और समीर रिजवी जैसे खिलाड़ियों ने बीच-बीच में अच्छा योगदान दिया है लेकिन पूरी टीम मिलकर एक साथ अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही है।
पिछले मैच में अभिषेक पोरेल ने इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर बल्लेबाजी करते हुए टीम को शर्मनाक स्कोर पर ऑलआउट होने से बचाया था। यह उस मैच के कुछ सकारात्मक पहलुओं में से एक था। ऐसे में टीम प्रबंधन उन्हें एकादश में मौका देने के बारे में सोच सकता है।
स्टार्क की होगी वापसी
गेंदबाजी के मोर्चे पर कुछ अच्छी खबरें भी हैं। तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क एक मई से खेलने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मंजूरी मिलने के बाद टीम में वापसी करने के लिए तैयार हैं। लुंगी नगिदी के उपलब्ध नहीं होने के कारण स्टार्क का टीम में शामिल होना दिल्ली के लिए एक बहुत ही जरूरी और सही समय पर मिला सहारा साबित हो सकता है।
उम्मीद है कि वे काइल जैमीसन या दुष्मंता चमीरा में से किसी एक की जगह लेंगे। पिछले मैच में 75 रन के छोटे लक्ष्य का बचाव करते हुए दिल्ली के गेंदबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए थे लेकिन अब उन्हें राजस्थान के मजबूत बल्लेबाजी क्रम के विरुद्ध और भी अधिक सटीक गेंदबाजी करनी होगी।
राजस्थान का शीर्ष क्रम काफी आक्रामक
राजस्थान का शीर्ष क्रम काफी आक्रामक रहा है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बिना किसी डर के जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस जैसे विश्व स्तरीय गेंदबाजों का शुरू से ही डटकर सामना किया है तो वहीं यशस्वी जायसवाल भी बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं। अंक तालिका में चौथे स्थान पर काबिज राजस्थान रॉयल्स की टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ इस मैच में उतर रही है।
हाल ही में उन्होंने पंजाब किंग्स को इस सत्र की पहली हार का स्वाद चखाया था। यह नौ मैच में टीम की छठी जीत थी। राजस्थान के लिए एक और सकारात्मक बात यह है कि धीमी शुरुआत के बाद अब उनका मध्य क्रम भी लय में लौट आया है। इससे उन्हें अधिक संतुलन मिलता है और पूरी पारी में उन्हें रोकना कठिन हो जाता है।
दबाव में चल रहे दिल्ली के आक्रमण के विरुद्ध राजस्थान की टीम एक बार अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी। दिल्ली के लिए चीजें साफ हैं। बल्लेबाजों को व्यक्तिगत प्रयासों पर निर्भर रहने के बजाय संपूर्ण प्रदर्शन करने की जरूरत है। स्टार्क की वापसी के साथ गेंदबाजों को रन गति पर अंकुश लगाने के तरीके खोजने होंगे, विशेषकर आक्रामक शीर्ष क्रम के विरुद्ध।
राजस्थान रॉयल्स
शुभम दुबे, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरैल, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रियान पराग, वैभव सूर्यवंशी, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, संदीप शर्मा, युद्धवीर सिंह चरक, रवि बिश्नोई, अमन राव पेराला, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन, दासुन शनाका, सुशांत मिश्रा, विग्नेश मिश्रा पुथुर, रवि सिंह, ब्रिजेश शर्मा।
दिल्ली कैपिटल्स
अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल, करुण नायर, डेविड मिलर, पथुम निसंका, साहिल पारख, पृथ्वी शॉ, अभिषेक पोरेल, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, अजय मंडल, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, आकिब डार, नितीश राणा, टी नटराजन, मुकेश कुमार, दुष्मंता चमीरा, लुंगी नगिदी, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव और मिचेल स्टार्क।





