स्टरिज के गोल ने लिवरपूल को हार से बचाया, चेल्सी के साथ मैच 1-1 से ड्रॉ

इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में स्टैम्फोर्ड ब्रिज में चेल्सी और लिवरपूल के बीच खेला गया फुटबॉल मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटा। ईडन हैजार्ड ने खेल के 25वें मिनट में गोल करके चेल्सी को बढ़त दिलाई। इस गोल की बदौलत चेल्सी की टीम जीत के करीब पहुंच गई थी लेकिन निर्धारित समय से एक मिनट पहले डेनियल स्टरिज ने गोल करके लिवरपूल को हार से बचा लिया।

इससे पहले पिछले हफ्ते लीग कप में चेल्सी ने लिवरपूल को 2-1 से हराया था। इस ड्रॉ मुकाबले के बाद अंक तालिका में मैनचेस्टर सिटी और लिवरपूल की टीम 19-19 अंकों की बराबरी पर हैं, लेकिन गोल अंतर की वजह से सिटी पहले, जबकि लिवरपूल दूसरे स्थान पर है। वहीं, चेल्सी की टीम 17 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर है। मैनेजर जुर्जेन क्लोप की टीम लिवरपूल की ओर से मोहम्मद सलाह और सादियो माने ने कई शुरुआती हमले बोले, लेकिन चेल्सी के डिफेंस को वे भेद नहीं पाए। वहीं, चेल्सी ने जवाबी हमले में अपना दमखम दिखाया।

मोनेटो कोवाकिक से मिले एक बढि़या पास पर हैजार्ड ने बेहद फुर्ती के साथ गोल पोस्ट में पहुंचाकर चेल्सी को बढ़त दिलाई। पहले हाफ की तरह दूसरे हाफ में भी लिवरपूल ने गेंद को ज्यादा समय तक अपने कब्जे में रखा, लेकिन चेल्सी ने जवाबी हमले पर ज्यादा ध्यान दिया। मुकाबला जब चेल्सी की झोली में जाता दिख रहा था तभी एक लंबे किक के जरिये स्टरिज ने गोल करके लिवरपूल को हार से बचा लिया। लिवरपूल की टीम अब यूएफा चैंपियंस लीग में अगले बुधवार को नापोली के खिलाफ भिड़ेगी। वहीं, यूरोपा लीग में अगले गुरुवार को चेल्सी की टीम वीडियोटोन के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।

Back to top button