सुब्रमण्यम स्वामी ने सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान पर साधा निशाना, कहा- ED ने कसा शिकंजा…

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान पर निशाना साधा है. सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट कर कहा है कि आजम खान पर प्रवर्तन निदेशालय ने शिकंजा कसा है और वह जेल जाएंगे.

सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट कर कहा, ‘आजम खान अब ईडी के जाल में हैं और जेल जाएंगे. जब तक वित्त मंत्री राजस्व अधिकारी को निर्देश नहीं देतीं कि जो आजम खान की जांच कर रहा है उस ED अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज करे या अधिकारी को अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त किया जाए.’

दरअसल, समाजवादी पार्टी के नेता और रामपुर से सांसद आजम खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. रामपुर में किसानों की जमीन हड़पने के कई मामले दर्ज होने के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आजम खान को रडार पर लिया है. जानकारी के मुताबिक नियमों की धज्जियां उड़ाकर जमीन हथियाने के मामले में उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज हो सकता है.

इस मामले में जांच करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय ने आजम खान से जुड़ी तमाम एफआईआर जुटानी शुरू कर दी है. मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज होने के बाद जबरन और नियमों के खिलाफ जमा की गई संपत्तियों को जब्त किया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक ईडी के लखनऊ कार्यालय ने रामपुर के डीएम और एसपी को पत्र लिखकर आजम खान, पूर्व सीओ सिटी आले हसन खान और मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमों की एफआईआर की कॉपी उपलब्ध कराने को कहा है.

Back to top button