सीतापुर में मिले कोरोना के 24 नए मरीज

प्रतीकात्मक फोटोशहर से लेकर गांवों तक कोरोना ने दी दस्तक
प्रशासन हलकान, स्वास्थ्य महकमा लापरवाह
सीतापुर। जिले में कोरोना का लगातार बढ़ता ग्राफ मुसीबत बनता जा रहा है। बुधवार को जिले में कोरोना के नए 24 मरीज सामने आए हैं। इनमें सर्वाधिक मरीज सीतापुर शहर में मिले हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना ने जमकर दस्तक दी है। बड़े पैमाने पर मरीजों के सामने आने से एक तरफ जहां जिला प्रशासन हलकान है, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य महकमे के अधिकारी मरीजों की संख्या पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
मंगलवार तक जिले में कोरोना के कुल सक्रिय मामले 74 थे, जबकि 73 मरीज अब तक विभिन्न अस्पतालों से ठीक होकर घर जा चुके थे। बुधवार को जिले में 24 मरीजों के सैंपल पाॅजीटिव मिले हैं। इनमें सीतापुर शहर के मुहल्ला आलमनगर में आठ मरीज एक साथ पाए गए हैं। वहीं मुहल्ला शास़्त्रीनगर में तीन व विजयलक्ष्मी नगर व 27वीं वाहिनी पीएससी में एक-एक नया मरीज सामने आया है। इसके अलावा रेउसा थाने में तैनात एक दारोगा और एक कांस्टेबल की रिपोर्ट भी एटीजेन टेस्ट में पाॅजीटिव आई है। ब्लाॅक ऐलिया के ग्राम भवानीपुर में चार, महोली में दो मरीजों अलावा तंबौर, होलीकला व मउकला में एक-एक मरीज सामने आ चुके हैं।
बताया जा रहा है कि देर शाम तक कई और रिपोर्ट आनी है, जिसमें मरीजों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। जिला प्रशासन द्वारा मरीजों के सामने आने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाने व संबंधित एरिया को हाॅटस्पाट बनाने की तैयारी शुरु कर दी गई है। लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या के बाद भी स्वास्थ्य महकमा मौन धारण किए हुए है। सीएमओ डाॅ़ आलोक वर्मा समेत तमाम अधिकारियों के फोन साइलेंट मोड पर हैं। कोई भी मरीजों की बढ़ती संख्या पर बोलने को तैयार नहीं है। स्वास्थ्य महकमे की चुप्पी के चलते कोरोना संक्रमण रोकने में लगे विभागों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।





