सीतापुर में पेट्रोल पंप पर पहुंचा शराबी, भरवाया पेट्रोल और फिर…

सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में पेट्रोल पंप कर्मचारियों को एक शराब के नशे में धुत युवक से रुपए मांगना महंगा पड़ गया। नशे में धुत युवक ने बाइक में पेट्रोल डलवाने के बाद रुपए देने से इनकार करते हुए पेट्रोल पंप कर्मचारियों के साथ न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि उनपर चाकू निकालकर हमला भी कर दिया। इतना ही नहीं पुलिस के पहुँचने पर भी युवक हवा में चाकू लहराता रहा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को हिरासत में ले लिया है। मामले में पेट्रोल पंप मालिक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गयी है।

शहर के बेगमबाग स्थित सीतापुर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष फरहत बेग ‘सनी’ के पेट्रोल पंप पर एक युवक मंगलवार देर शाम शराब के नशे में पेट्रोल डलवाने गया था। पेट्रोल डलवाने के बाद युवक ने रुपये देने से इनकार कर दिया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो युवक ने चाकू निकालकर हमला बोल दिया। जैसे तैसे कर्मचारियों ने जान बचाई और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुँचे सदर चौकी प्रभारी व उनकी टीम के सामने भी युवक चाकू लहराता रहा। काफी मशक्कत के बाद युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले जाया गया। फरहत बेग की ओर से पुलिस को तहरीर दी गयी है। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी युवक ने अपना नाम विनय यादव बताया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button