सीतापुर में चरम पर कोरोना का कोहराम, एक दिन में 89 नए लोग हुए संक्रमित

सीतापुर। जिले में कोरोना का कहर दिन बीतने के साथ बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अब तक के सारे रिकाॅर्ड तोड़ते हुए 89 मरीज कोरोना पाॅजीटिव निकले हैं। इनमें सर्वाधिक 70 मरीज एपीटीसी कैंपस में निकले हैं। जबकि सीतापुर शहर के अलग-अलग मुहल्लों व अस्पतालों समेत जिले में 19 और लोग कोरोना पाॅजीटिव पाए गए हैं। अधिकारियों द्वारा सबसे पहले एपीटीसी के मरीजों को व्यवस्थित ढ़ंग से भर्ती कराया जा रहा है। इसके अलावा अन्य मरीजों को संबंधित अस्पताल भेजवाने की तैयारी शुरु कर दी गई है।
गौरतलब है कि रविवार को एपीटीसी परिसर में 19 रिक्रूट कोरोना पाॅजीटिव मिले थे। जिसके बाद डीएम अखिलेश तिवारी व सीएमओ डाॅ आलोक वर्मा ने एपीटीसी का निरीक्षण किया था और वहां अधिकारियों से वार्ता कर करीब 400 लोगों की कोरोना जांच के लिए एंटीजन टेस्ट कराने की सहमति बनी थी। जिसके बाद से देर रात तक एंटीजन टेस्ट की प्रक्रिया चलती रही। सुबह तक आई रिपोर्ट में 70 और लोग पाॅजीटिव पाए गए हैं।
इसकी सूचना लगते ही एक बार फिर स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों द्वारा एपीटीसी का भ्रमण कर मरीजों को व्यवस्थित ढ़ंग से भर्ती करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही इनकी विस्तारपूर्वक जांच भी कराई जाएगी। यहां के प्रभारी सेनानायक डाॅ मनोज कुमार झा ने बताया कि इन सभी का एंटीजन टेस्ट कराया गया था, जिसमें यह पाॅजीटिव पाए गए हैं।
इनके अलावा सीतापुर शहर के मुहल्ला बैजनाथ काॅलोनी, सिविल लाइन, प्रेमनगर, एसबीआई काॅलोनी, तरीनपुर मेला मैदान, पक्काबाग, डफरिन अस्पताल में भर्ती रोटी गोदाम की महिला, लोहारबाग, स्वरुपनगर, आनंदनगर व सलेमपुर में एक-एक मरीज मिले हैं। वहीं, जिला अस्पताल के दो लोग कोरोना पाॅजीटिव मिले हैं।
मिश्रिख के खाकी सराय, लहरपुर के मुहल्ला ठठेरी टोला, परसेंडी ब्लाॅक, बरसोहिया, महिमापुर में एक-एक मरीज के अलावा एक अन्य मरीज कोरोना पाॅजीटिव हैं। हालांकि अब तक स्वास्थ्य महकमे द्वारा अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सीएमओ डाॅ आलोक वर्मा से कई बार वार्ता करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।





