सीतापुर में और भयावह हुआ कोरोना, कई सरकारी दफ्तर सील

सीतापुर। जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार रात से लेकर मंगलवार सुबह तक जिले के एक अफसर के अलावा तीन दारोगा समेत करीब एक दर्जन लोग कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। इसकी खबर लगते ही जिले के आला अफसरों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते तमाम सरकारी कार्यालयों पर ताला लगा दिया गया और उन्हें सेनेटाइज करने का कार्य शुरु कर दिया गया है।
सोमवार की रात सबसे चौंकाने वाली पॉजीटिव रिपोर्ट जिला पंचायत राज अधिकारी सीतापुर की आई थी। डीपीआरओ ने राजधानी में अपनी कोरोना जांच कराई थी। विकास भवन परिसर में ही डीपीआरओ का कार्यालय होने के कारण तमाम विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सुबह होते ही विकास भवन को सील कर सेनेटाइजेशन का काम शुरु कर दिया गया।
विकास भवन के साथ ही तमाम कैंपस को भी सेनेटाइज कराया जा रहा है। विकास भवन को अगले दो दिनों के लिए बंद रखा जाएगा एवं जिला पंचायत राज विभाग के तमाम कर्मचारियों की कोरोना जांच भी कराई जाएगी। वहीं मंगलवार की सुबह आई रिपोर्ट में रेउसा थाने में तैनात तीन दारोगा की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है, जिससे पुलिस महकमा भी हलकान है। फिलहाल थाने को सेनेटाइज कराया जा रहा है, लेकिन अभी इसे हॉटस्पॉट बनाए जाने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। इसके अलावा मुख्यालय स्थित एटीसी परिसर में भी तीन लोगों के कोरोना पॉजीटिव होने की पुष्टि एसीएमओ डॉ. पीके सिंह ने की है।
इसके साथ ही खैराबाद व सिधौली इलाकों में भी कोरोना के मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य महकमे द्वारा एक तरफ जहां पॉजीटिव पाए गए लोगों को संबंधित अस्पतालों में भर्ती कराने की कार्रवाई शुरु कर दी गई है, वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन व पुलिस महकमा संबंधित इलाकों को सील कर उन्हें सेनेटाइज कराने में लगा हुआ है।





