सीएम राजे ने सरकार के कामों का किया गुणगान, कांग्रेस पर भी साधा निशाना

टोंक: राजस्थान गौरव यात्रा के आखिरी चरण में शुक्रवार को सीएम राजे की गौरव यात्रा टोंक जिले में पहुंची जहां मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संघर्षशील कार्यकर्ताओं की पार्टी है. इसका हर कार्यकर्ता गरीब दीन दुखियों की सेवा के लिए हर समय खड़ा रहता है. जिस राजस्थान को कांग्रेस की गहलोत सरकार बीमारू और कर्जदार छोड़ गई थी. 

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एक दिवसीय टोंक दौरे पर शुक्रवार को टोंक जिला मुख्यालय के डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम में आयोजित गौरव यात्रा की जनसभा को सम्बोधित कर रहीं थी. मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि बीजेपी ने सबका साथ सबका विकास का नारा बुलन्द कर छत्तीस कौमों की छत्तीस कौमों को साथ लेकर राजस्थान में वो काम करके दिखाया है जो कांग्रेस सरकार ने 50 वर्षो में नहीं किया. उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता हमारा परिवार है हमने हमारे परिवारवालों के लिए साढ़े चार वर्षो में क्या काम किए हैं वो जनता को मालूम हो ओर जनता इसका आकंलन करे इसके लिए हमने ये गौरव यात्रा निकालने का काम किया है. 

हमने जनता के विकास और उनकी सुविधाओं में कोई कमी नही छोड़ी है. राजे ने गहलोत सरकार पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि एक मुखिया वो था जो हर काम में पैसा नहीं है कहकर मुंह फेर लेता था, जब हमने सत्ता संभाली थी तब पिछली सरकार ने हम पर ढाई लाख करोड़ रूपये का कर्जा छोड़ा था. करीब 80 हजार करोड़ का कर्जा तो सिर्फ बिजली विभाग का था. जब लोगों ने हमसे पूछा कि 80 हजार करोड़ के कर्जे के साथ आप क्या करेंगी तो मैनें उनसे कहा कि आपको चिंता करने की जरूरत नही है इस घर की मुखिया मैं हूं मै सब संभाल लूंगी.

इतना सारा कर्जा होने के बाद भी हमने सत्ता संभाली और प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए काम करना शुरू कर दिया. जब भी जनता ने हमारी सरकार से कुछ मांगा तो हमने कभी मना नहीं किया. जो लोग ये कह रहे हैं कि बीजेपी सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं है वो ये जान लें कि बीजेपी सरकार में महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं. उन्होंने कहा कि अगर कोई नाबालिग के साथ दुष्कर्म जैसी घिनोनी घटना को अंजाम देता है तो जैसे आरोपियों के खिलार्फ तुरन्त मामला दर्ज कर जांच कर फांसी की सजा का कानून हमारी सरकार में बना है.

वसुंधरा राजे ने विधायक अजीत सिंह मेहता को बधाई देकर टोंक के विकास कार्यों का बखान करते हुए कहा कि जिस टोंक में बड़े-बड़े गड्डे हुआ करते थे उस टोंक में विधायक अजीत सिंह मेहता के नेतृत्व में करीब दो हजार करोड़, सडकों का कार्य हुआ है. टोंक-सवाईमाधोपुर को जोड़ने वाले सड़क मार्ग की हालत इतनी खराब थी कि लोग इस सड़क पर जाने से भी डरते थे लेकिन हमारी सरकार ने इसकी सुध ली ओर सड़क मार्ग के नवीनीकरण के लिये 400 करोड़ रूपये स्वीकृत कर सड़क का कार्य शुरू करवाया, जिसका भी कार्य प्रगति पर चल रहा है. 

उन्होंने कहा कि टोंक सहित देवली, उनियारा के 436 गांवो में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई थी जिसको हल करने के लिये 542 करोड़ की बीसलपुर टोंक-देवली-उनियरा परियोजना चलाई, जो तीन चरणों में होनी है जिसका पहला चरण पूरा हो चुका है ओर द्वितीय व तृतीय चरण का कार्य प्रगति पर है ओर दिसम्बर 2018 तक परियोजना का कार्य पूर्ण कर परियोजना के माध्यम से टोंक-देवली-उनियरा के सभी गांवो को शुद्ध पेयजल पानी मिलना शुरू हो जाएगा. 

Back to top button