सीएम ने की पुलिस कमिश्नर प्रणाली की तारीफ़, कहा – गुंडों – माफियाओं पर करें वार

नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस कमिश्नर प्रणाली की तारीफ़ की है। श्री योगी ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू किये जाने के सकारात्मक परिणाम आये हैं। जिले में अपराध का ग्राफ कम हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुंडों, अपराधियों और माफियाओं को किसी तरह की छूट देने की जरूरत नहीं है। गुंडों – माफियाओं पर वार करें। अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आदेश देते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों की पैरवी करने वालों की बिलकुल न सुनें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को समीक्षा बैठक कर रहे थे। सीएम योगी ने कहा कि पुलिस बिना किसी दबाव और दखल के अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीएम ने कहा कि अपराधियों को सरंक्षण देने वालों और उनकी पैरवी करने वालों के विरुद्ध भी एक्शन लिया जाए।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने पिछले 06 महीने के दरान कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने गौतमबुद्ध नगर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू किये जाने के बाद हुए अपराधों और उनके खुलासे के साथ ही पुलिस की पलब्धियों का ब्योरा मुख्यमंत्री के सामने प्रस्तुत किया। पुलिस कमिश्नर ने महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम के लिए अलग से बनाई गयी विंग के बारे में भी मुख्यमंत्री को जानकारी दी।

Back to top button