सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा-सवर्णों को आरक्षण से कमजोर वर्ग को लाभ

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्र सरकार द्वारा आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्णो को सरकारी नौकरी में 10 प्रतिशत आरक्षण देने को कैबिनेट से मंजूरी दिलाने पर प्रधानमंत्री का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस कदम से आर्थिक रूप से समाज के कमजोर वर्ग के लोगों को फायदा मिलेगा।सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा-सवर्णों को आरक्षण से कमजोर वर्ग को लाभ

सोमवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्र सरकार के इस फैसले को एतिहासिक कदम बताते हुए सबका साथ, सबका विकास की सोच को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को भी लाभ होगा और उन्हें सरकारी सेवा में जाने के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि इस बारे में देश में कई दशकों से चर्चा जरूर हो रही थी लेकिन किसी ने भी इस बारे में निर्णय लेने का साहस नहीं दिखाया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह काम कर दिखाया और वह भी बिना किसी का अधिकार कम किए बगैर। गरीब सवर्ण चाहे वह किसी भी वर्ग का हो उसे नौकरी व शिक्षा में दस फीसद आरक्षण मिलेगा। वर्तमान में अनुसूचित जाति जातियों, जनजातियों व अन्य पिछड़ा वर्ग को जो आरक्षण मिल रहा है वह उसी के रूप में उन्हें प्राप्त होता रहेगा। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबका साथ-सबका विकास की भावना के अनुरूप है। देश के गरीब स्वर्ण विकास की दौड़ में पीछे थे अब उन्हें भी आगे आने का अवसर प्राप्त होगा।

आलोचना को बताया खिसियाहट 

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख देवेंद्र भसीन ने कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों द्वारा गरीब सवर्णो को दस प्रतिशत आरक्षण देने के निर्णय की आलोचना को उनकी खिसियाहट बताया है। उन्होंने कहा कि यह इन दलों की जन विरोधी सोच का परिणाम है।

Back to top button