सीएमएस में 15 दिवसीय शैक्षिक प्रवास के उपरान्त पेरू का छात्रदल स्वदेश रवाना

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) के आमन्त्रण पर शैक्षिक यात्रा पर पधारा फ्लेमिंग स्कूल, ट्रूजिलो, पेरू का 12-सदस्यीय छात्र दल लखनऊ में अपने 15 दिवसीय शैक्षिक प्रवास के उपरान्त आज स्वदेश रवाना हो गया। पेरू रवानगी से पूर्व इस छात्र दल को सी.एम.एस. के छात्रों व शिक्षकों ने अमौसी एअरपोर्ट पर शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी एवं सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) की प्रधानाचार्या संगीता बनर्जी भी उपस्थित थीं। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि फ्लेमिंग स्कूल, पेरू का यह छात्र दल इण्टरनेशनल स्कूल-टू-स्कूल एक्सपीरियन्स एक्सचेन्ज प्रोग्राम (आई.एस.एस.ई.) के अन्तर्गत शैक्षिक यात्रा पर लखनऊ पधारा था। इस दल के छात्र सदस्यों में गैबरीला कैस्टनेडा अर्स, डियगो डेल पिनोकासानोवस, फ्रेन्सिस्को गैमरा लीवा, मिकाला गैनोजा फेन्डास, गोन्जालो मार्सलेस रामोस, वैलेन्टिनो मोस्टसेरो रैमियोज, सैन्टिगो जपाटा राजोस, नतालिया गिलार्डी, ग्रैसियेला सैन्चर एवं रिकार्डो प्राडो शामिल हैं। इस छात्र दल के साथ दो शिक्षक श्री डेन्टे हेरारा एवं सुश्री जुडिथ पोर्टेला भी लखनऊ पधारे थे।

श्री शर्मा ने बताया कि स्वदेश रवानगी से पूर्व फ्लेमिंग स्कूल, पेरू के छात्रों ने एक अनौपचारिक वार्ता में कहा कि लखनऊ की यह यात्रा हमारे लिए यादगार अनुभव है। हमें यहाँ जो प्यार व अपनापन मिला है, उसे कभी भूल नहीं पायेंगे और अपने देश पहुँचकर हम भी सी.एम.एस. की विश्व एकता व विश्व शान्ति की मुहिम को आगे बढ़ायेंगे। छात्रों का कहना था कि भारत आना हम सभी के लिए एक सपना सच होने के समान है। यहाँ की शिक्षिकाओं ने हमें बहुत प्यार दिया है। सी.एम.एस. का सम्पूर्ण वातावरण वाकई में अद्भुद है। श्री शर्मा ने बताया कि इस शैक्षिक यात्रा के दौरान पेरू के छात्रों ने सी.एम.एस. गोमती नगर कैम्पस में भारतीय छात्रों के साथ क्लास में बैठकर पढ़ाई की, साथ ही खेलकूल व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही विद्यालय की अन्य गतिविधियों में भी शामिल हुए। भाषा व संस्कृति की भिन्नता के बावजूद इन छोटे-छोटे बच्चों ने ‘विश्व संस्कृति’ का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।

Back to top button