सीआरपीएफ कैंप पर आतंकी हमले के मामले में आज एडीजे कोर्ट आरोपियों को सजा का करेगा एलान

करीब 12 वर्ष पहले रामपुर में सीआरपीएफ कैंप पर आतंकी हमले के मामले में आज एडीजे कोर्ट आरोपियों को सजा का एलान करेगा। अपर जिला सत्र तृतीय के न्यायालय में शुक्रवार को आठ आरोपियों को सजा सुनाई जाएगी।

इस हमले में सात जवानों के साथ एक रिक्शा चालक ने जान गंवा दी थी। हमला करने के आरोप में लखनऊ व बरेली जेल में बंद आठ आरोपियों को आज सजा का एलान होने के कारण शहर में पुलिस तथा सीआरपीएफ हाई अलर्ट पर है।

कचहरी के साथ ही कलेकट्रेट परिसर में सुबह 10 बजे से ही पुलिस फोर्स तैनात है। रामपुर में 31 दिसंबर 2007 की रात आतंकियों ने सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हमला किया था। इसमें मौके पर सात जवान शहीद हुए थे जबकि एक रिक्शा चालक की भी जान चली गई थी। पुलिस ने इस हमले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। इन सभी आरोपियों को लखनऊ और बरेली की जेलों में रखा गया है।

हमले के मामले में पाक अधिकृत कश्मीर के इमरान, मोहम्मद फारूख, मुंबई गोरे गांव के फहीम अंसारी, बिहार के मधुबनी का सबाउद्दीन सबा, प्रतापगढ़ के कुंडा के कौसर खां, बरेली के बहेड़ी के गुलाब खां, मुरादाबाद के मूंढापांडे के जंग बहादुर बाबा खान और रामपुर के खजुरिया गांव के मोहम्मद शरीफ को गिरफतार किया गया था। सभी को सुरक्षा के मद्देनजर लखनऊ और बरेली की जेलों में रखा गया है।

Back to top button