सितंबर-अक्टूबर में हो सकता है आईपीएल, यह देश तैयारियों में जुटा  

यूएई। कोरोना वायरस के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए आईपीएल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल ऐसी अटकलें चल रही हैं कि आईपीएल का आयोजन संयुक्‍त अरब अमीरात (यूएई) में किया जा सकता है। इसको लेकर अब दुबई सिटी के क्रिकेट एवं प्रतियोगिता प्रमुख सलमान हनीफ ने कहा है कि वे इस तरह के बड़े टूर्नामेंट के आयोजन के लिये अपनी सुविधाओं को तैयार रख रहे हैं।

आपको बता दें कि आईपीएल का आयोजन सितंबर-अक्टूबर में किया जा सकता है, क्योंकि 18 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
हनीफ ने गल्फ न्यूज से बात करते हुए कहा कि दुबई स्पोर्ट्स सिटी इस टी20 लीग के संभावित स्थल के तौर पर तैयार है। स्पोर्ट्स सिटी में दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम और आईसीसी अकादमी शामिल हैं।
हनीफ ने बताया कि अगर कम समयावधि में अधिक मैचों का आयोजन किया जाता है तो स्टेडियम में नौ विकेट बहुत अच्छी स्थिति में हैं। हम विकेटों को तरोताजा रखने के लिये अन्य मैचों का आयोजन नहीं करेंगे।
यूएई में कोरोना वायरस के 50,000 से अधिक मामले सामने आये हैं जिनमें से 300 से अधिक लोगों ने जान गंवायी है। भारत में यह आंकड़ा दस लाख को पार कर चुका है और 25,000 से अधिक लोगों की मौत हुई है।

Back to top button