सावधान: अगले 36 घंटे पड़ने वाले है भारी, शीतलहर और कोहरे से बढ़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले 36 घंटे प्रदेश के मैदानी इलाकों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाएंगे तो मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ने वाली है।

प्रदेशभर में ठंड का प्रकोप शुरू हो गया है। राजधानी में भी रात का तापमान लगातार पांच से छह डिग्री के बीच चल रहा है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 24.1 और रात का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

इस बीच मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों में अगले 36 घंटे शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मैदानी इलाकों में सुबह घना कोहरा आने के बाद तेज ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे ठंड बढ़ जाएगी।

बारिश में आई गिरावट

पर्वतीय क्षेत्रों में जहां 25 के बाद बारिश की संभावना बन रही है, वहीं मैदानी इलाकों में भी 25 के बाद ठंड और अधिक बढ़ सकती है। प्रदेशभर में मानसून की विदाई के बाद बारिश में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक एक अक्तूबर से 19 दिसंबर 2018 तक प्रदेश में हुई बारिश में औसत के मुकाबले 68 प्रतिशत की गिरावट आई है। अल्मोड़ा में 82, बागेश्वर में 84, चमोली में 39, चंपावत में 85, देहरादून में 67, पौड़ी में 89, टिहरी में 57, हरिद्वार में 58, नैनीताल में 77, पिथौरागढ़ में 63, रुद्रप्रयाग में 75, ऊधमसिंह नगर में 96 और उत्तरकाशी में 57 प्रतिशत कम बारिश हुई है। प्रदेश में इस अवधि में 77.9 मिमी के मुकाबले केवल 25.1 मिमी बारिश हुई है।

Back to top button