सर्राफा बाजार में छाई नरमी, सोने में 400 और चांदी में 850 रुपये की आई गिरावट

नई दिल्ली : दुनियाभर के बाजारों में कमजोरी के संकेतों और स्थानीय आभूषण कारोबारियों की मांग में गिरावट के कारण बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव 400 रुपये की गिरावट के साथ 32 हजार रुपये के स्तर से नीचे 31,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुए. औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं के कमजोर उठाव के कारण चांदी के भाव में भी नरमी दिखाई दी. बाजार सूत्रों ने कहा कि विदेशों में कमजोरी के रुख के अनुरूप स्थानीय कारोबारी धारणा प्रभावित हुई.

ब्याज दर में इजाफे की संभावना का असर
अमेरिका में ब्याज दर में वृद्धि की संभावना के कारण सर्राफा भाव प्रभावित हुए. इसके अलावा घरेलू हाजिर बाजार में आभूषण कारोबारियों और फुटकर कारोबारियों की मांग में भी गिरावट आने के कारण सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना रहा. राजधानी में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की हफ्ते की कमजोर शुरुआत हुई और अंतिम कारोबारी दिन कीमत 400-400 रुपये की गिरावट के साथ 31,750 रुपये और 31,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुईं.

चांदी में पूरे सप्ताह रही गिरावट
सप्ताह के अधिकांश हिस्से में गिन्नी के भाव 24,800 रुपये पर स्थिर बने रहने के बाद शनिवार को अचानक दबाव में आ गए और यह 100 रुपये की गिरावट प्रदर्शित करते 24,700 रुपये प्रति 8 ग्राम पर बंद हुए. गिरावट के आम रुख की तरह चांदी तैयार के भाव पूरे सप्ताह नकारात्मक दायरे में बने रहे और सप्ताहांत में 850 रुपये की हानि के साथ 37,300 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुए.

Back to top button