सर्दियों में खास रहेगी इन जगहों की सैर…
जब धूप सुहाने लगे और हवा मे ठंडक घुलने लगे तो मान लेना चाहिए कि शरद ऋतु का आगमन हो गया है। शरद ऋतु में न सिर्फ घूमना अच्छा लगता है, बल्कि खाने-पीने का भी एक अलग ही आनंद होता है। ऐसे में अगर मन किसी ऐसी जगह जाने को कहे, जहां बहुत भीड़-भाड़ न हो, तो फिर देश में बहुत से ऐसे ऑफबीट डेस्टिनेशंस हैं, जहां सर्दी में बिताए गए पल हमेशा के लिए यादों में बस जाएंगे।
आरू वैली, कश्मीर
तातापानी, हिमाचल प्रदेश
सर्दियों में हिमाचल का नज़ारा भी काफी खूबसूरत हो जाता है। जी हां, हिमाचल में प्रकृति ने कुछ ऐसा अनोखा समा बांधा है कि आप खुद सर्दी में भी गर्म पानी के प्राकृतिक स्त्रोतों में नहाने के लिए चल पड़ेंगे। शिमला से मात्र 56 किमी. और कालका से मात्र 110 किमी. की दूरी पर एक छोटा-सा कस्बा है, जिसे तातापानी कहते हैं। ये गर्म पानी के सोते (स्त्रोत) मेडिशनल वैल्यूज लिए हुए है। यह जगह अपने मौसम की वजह से उत्तर भारत में वेलनेस हॉलिडे के लिए एक बेहतर विकल्प के रूप में उभरा है। अब आयुर्वेद और पंचकर्मा के लिए आपको केरल जाने की जरूरत नहीं है। यहां स्नान करके कई बीमारियों से छुटकारा भी पाया जा सकता है। लोग दूर-दूर से यहां आयुर्वेदिक उपचार कराने आते हैं। तातापानी बड़ी तेजी से लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। यहां आकर आप आयुर्वेद और नेचुरोपैथी से खुद को रिलैक्स कर सकते हैं। यहां कई हेल्थ स्पा रिजॉर्ट भी बने हुए हैं।
तीर्थन वैली, हिमाचल प्रदेश
द ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के आसपास कई खूबसूरत वादियां हैं, जहां रह कर अपनी छुट्टियों को प्रकृति के सानिध्य में बिता सकते हैं। ऐसी ही एक वैली है तीर्थन वैली। यह एक छोटे से कस्बे बंजर के नजदीक तीर्थन नदी के किनारे पर फैली हुई है। यहां रह कर हिमाचल की असली खूबसूरती का आनंद ले सकते हैं। स्थानीय लोग कॉटेज बना कर सैलानियों को जंगल के बीच किसी भी बड़े होटल की सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं। यहां हिमाचली कॉटेज को देसी तरीके से बनाया गया है। कॉटेज के अलावा यहां खुले आकाश तले कैंप लगाकर रहने की सुविधा भी है। ये कैंप आधुनिक सुविधाओं वाले हैं, जिनके भीतर का माहौल आपको इतनी सुकून की नींद दिलाएगा कि आपकी आंख सुबह चीड़ियों की चहचहाहट से ही खुलेगी। तीर्थन वैली में ट्रैकिंग का भरपूर आनंद उठाया जा सकता है। तीर्थन नदी में फिशिंग कर सकते हैं और रात को साफ आकाश में जगमगाती आकाशगंगा को देख सकते हैं।





