सफारी कार में सवार होकर करीब आधा दर्जन युवक पहुंचे स्टेडियम, खिलाड़ी को मारी गोली

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर नगर में राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे एक खिलाड़ी को गोली मार दी गई. खिलाड़ी पर हमला उस वक्त किया गया, जब वह स्टेडियम में प्रेक्टिस कर रहा था. करीब आधा दर्जन हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया. खिलाड़ी को दो गोली लगी. गंभीर हालत के चलते उसे हायर सेंटर रैफर कर दिया गया है.
घटना सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र की है. जहां अम्बेडकर स्टेडियम में पंत विहार निवासी 24 वर्षीय यश प्रताप सिंह हैमर थ्रो और डिस्क थ्रो की प्रेक्टिस करने आते थे. वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने की तैयारी कर रहे थे. मंगलवार को भी वह स्टेडियम में प्रेक्टिस कर रहे थे.
तभी सफारी कार में सवार होकर करीब आधा दर्जन युवक स्टेडियम पहुंचे और यश पर हमला बोल दिया. यश उनसे बचने के लिए भागा लेकिन उन लोगों ने यश को निशाना बनाकर गोली चला दी. गोली सीधे यश के सीने में लगी और वह गिर पड़ा. बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए.
दूसरे खिलाड़ियों ने फौरन यश को अस्पताल पहुंचाया. जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स के लिए रैफर कर दिया. सहारनपुर के एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि खिलाड़ी पर हमला करने वाले युवकों की पहचान हो गई है. पुलिस उनकी तलाश कर रही है.
पुलिस को प्राथमिक जांच के दौरान पता चला कि किसी व्हॉट्सएप ग्रुप में यश प्रताप का चैटिंग के दौरान दूसरे युवकों से कुछ विवाद चल रहा था. मोहित के नामक किसी युवक ने ग्रुप में कोई आपत्तिजनक पोस्ट की थी. यश ने उसका विरोध किया था. उसी बात को लेकर ये विवाद हुआ.
हालांकि पुलिस अब पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश में देर रात कई जगह दबिश भी दी. स्टेडियम में दिन दहाड़े हुए इस गोली कांड से दूसरे खिलाड़ियों में दहशत का माहौल है. कुछ लोग खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं.





