श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप का मुकाबला, कुशल परेरा लौटे पवेलियन….

श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप का मुकाबला हेडिंग्ले लीड्स के मैदान पर खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 8.1 ओवर में 2 विकेट गंवा कर 33 रन बना लिए हैं. कुशल मेंडिस (3 रन) और अविष्का फर्नांडो (27 रन) क्रीज पर हैं.
इससे पहले श्रीलंका ने मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है. दोनों टीमों का यह छठा मुकाबला है, लेकिन प्रदर्शन में जमीन-आसमान का अंतर है. इंग्लैंड ने जहां अब तक पांच में से चार मैच जीते हैं, वहीं श्रीलंका को एक मैच में जीत और दो में हार मिली है. उसके दो मुकाबले हालांकि रद्द हुए है.
इंग्लैंड की टीम आठ अंकों के साथ 10 टीमों की तालिका में तीसरे स्थान पर है, जबकि श्रीलंका चार अंकों के साथ छठे स्थान पर है. इंग्लैंड ने इस मैच के लिए कोई बदलाव नहीं किया है, जबकि श्रीलंकाई टीम दो बदलाव के साथ खेल रही है.
इंग्लैंड ने इस मैच से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन कर विशाल स्कोर खड़ा किया था. अफगानिस्तान की गेंदबाजी श्रीलंका की गेंदबाजी से थोड़ी बेहतर है और उसके पास श्रीलंका से बेहतर स्पिनर हैं, लेकिन इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने स्पिन के खिलाफ अपनी कमजोरी को बैकफुट पर रखा और फ्रंटफुट पर आकर राशिद खान जैसे कंजूस गेंदबाजी की बखिया उधेड़ी थी.
उस मैच में इंग्लैंड के कप्तान इयोन मॉर्गन ने वर्ल्ड कप इतिहास का चौथा सबसे तेज शतक जमाया था. उनके अलावा जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, मोईन अली ने तूफानी बल्लेबाजी की थी. इन चारों से तो श्रीलंका को सर्तक रहना होगा साथ ही जोस बटलर और बेन स्टोक्स को भी उसे भूलना नहीं होगा.
श्रीलंका के पास लसिथ मलिंगा जैसा विश्व स्तरीय गेंदबाज है, लेकिन मलिंगा अपनी उस फॉर्म में नहीं है जिसके लिए वह मशहूर हैं. फिर भी श्रीलंका की उम्मीदें उन पर ही होंगी. उनके अलावा नुवान प्रदीप से भी टीम उम्मीद लगा सकती है.
प्लेइंग इलेवन
श्रीलंका: दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), कुशल परेरा (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, कुशल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, थिसारा परेरा, जीवन मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा, इसुरू उदाना, लसिथ मलिंगा, नुवान प्रदीप.
इंग्लैंड: जेम्स विंस, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, इयोन मोर्गन (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), बेन स्टोक्स, मोईन अली, क्रिस वोक्स, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर, मार्क वुड.





