श्रीलंकाई यॉर्करमैन लसिथ मलिंगा ने वनडे इंटरनेशनल को कह दिया अलविदा…

श्रीलंकाई यॉर्करमैन लसिथ मलिंगा ने वनडे इंटरनेशनल को अलविदा कह दिया है. श्रीलंका की टीम ने शुक्रवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश को 91 रनों से मात देकर अपने बेहतरीन तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को विजयी विदाई दी.
वनडे इंटरनेशनल में मलिंगा के योगदान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भी सराहा है. लेकिन उसने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर मलिंगा के वनडे करियर से जुड़े आंकड़े बताने में गलती कर दी है.
दरअसल, मलिंगा ने 226 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं, लेकिन आईसीसी ने 225 मैच लिखा है. मलिंगा ने अपने वनडे इंटरनेशनल करियर में 338 विकेट चटकाए, लेकिन आईसीसी ने 335 विकेटों का उल्लेख किया है.
मलिंगा ने अपने आखिरी मैच में तीन विकेट (9.4-2-38-3) लेकर वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में भारत के अनिल कुंबले को पीछे छोड़ दिया है. कुंबले के वनडे में 337 विकेट हैं, जबकि मलिंगा ने अपने वनडे करियर का अंत 338 विकेटों के साथ किया है.





