शिखर धवन ने बना डाला ऐसा रिकॉर्ड, जिसके आस-पास नहीं है कोई भारतीय खिलाड़ी

भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए पहले वनडे मैच को टीम इंडिया ने एकतरफा अंदाज में अपने नाम कर लिया। भारत की जीत में सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का अहम योगदान रहा। धवन ने 90 गेंदों में नाबाद 132 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही धवन ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
धवन भारत की तरफ से किसी एक टीम के खिलाफ लगातार 6 बार 50 या इससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। धवन के नाम अब श्रीलंका के खिलाफ लगातार 6 पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया।
धवन से पहले किसी भी भारतीय खिलाड़ी ने किसी एक टीम के खिलाफ लगातार 6 पारियों में 50 से ज्यादा स्कोर नहीं किया था। धवन ने श्रीलंका के खिलाफ लगातार 6 पारियों में (94, 113, 79, 91, 125, 132) का स्कोर किया है और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। धवन से पहले ऑस्ट्रेलिया के डीन जोंस, भारत के नवजोत सिंह सिद्धू और मोहम्मद अजहरुद्दीन और पाकिस्तान के सईद अनवर के नाम एक टीम के खिलाफ लगातार 5 अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड था।
इसके अलावा धवन सिर्फ 71 गेंदों में शतक लगाकर श्रीलंका में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए। धवन ने शानदार खेल दिखाते हुए बेहतरीन बल्लेबाजी की और अपने वनडे करियर का 7वां शतक ठोका। धवन ने 71 गेंदों में 140 के स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। धवन ने शतक लगाने के दौरान 16 चौके और 2 छक्के ठोके। धवन अंत तक आउट नहीं हुए और उन्होंने 90 गेंदों में धमाकेदार नाबाद 132 रनों की पारी खेली। धवन ने अपनी पारी में 20 चौके और 3 छक्के जड़े।





