पंत के बाद अब कंमिंस ने शिखर धवन को बनाया निशाना, पसलियों पर लगी गेंद

राजकोट। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज का कहर जारी है। तीन मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे में उन्होंने शिखर धवन को निशाना बनाया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। भारत की ओर से रोहित शर्मा और शिखर धवन ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने 51 गेंद पर 50 रन की साझेदारी पूरी की। पारी का 10वां ओवर पैट कमिंस ने फेंका। कमिंस की पहली गेंद पर रोहित ने एक रन लिया। दूसरी गेंद का सामना करने के लिए शिखर धवन उनके सामने थे।

शिखर धवन

कमिंस ने उन्हें शॉर्ट गेंद फेंकी। धवन इस गेंद को लेग साइड में पुल करने की सोच रहे थे। हालांकि, गेंद उनकी उम्मीद से उलट ज्यादा बाउंस हो गई और उनकी कोहनी से लगते हुए पसली में जा लगी। धवन को इतनी तेजी से गेंद लगी थी कि वे रन पूरा करते ही तुरंत जमीन पर लेट गए। गब्बर ने फिर साबित कर दिया कि उन्हें क्रीज पर से हटाना इतना आसान नहीं है। हालांकि, धवन खुद को कुछ असहज महसूस कर रहे थे, इसलिए मैदान पर तुरंत भारतीय टीम के फिजियो आए। फिजियो ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। टीम इंडिया के लिए अच्छी बात यह रही कि गब्बर फिर से बल्लेबाजी के लिए फिट हो गए।

बता दें कि शिखर धवन ने इस सीरीज के पहले मैच से ही अंतरराष्ट्रीय वनडे में वापसी की है। पिछले साल इंग्लैंड में हुए आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में ही वे घायल हो गए थे। तब उनकी जांघ से खून रिसता रहा था, लेकिन उन्होंने शतक बनाकर ही दम लिया था। उसके बाद उन्होंने 14 जनवरी 2020 को मुंबई में मैच खेलकर वनडे में वापसी की थी।

Also Read : भारत को मिला बड़ा साथ, ये देश बोला- जिनको भारत पर शक हो वो कश्‍मीर जरूर जाएं

बता दें कि मुंबई में खेले गए पहले वनडे में पैट कमिंस की ही गेंद पर ऋषभ पंत घायल होकर आउट हो गए थे। कमिंस की गेंद उनके हेलमेट पर लगी थी। चोट इतनी गंभीर है कि ऋषभ दूसरे वनडे से बाहर हो गए हैं। वे अभी बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैब कर रहे हैं।

Back to top button