शारदीय नवरात्र की नौवमीं पर घरों, मंदिरों में महागौरी की विशेष हुई पूजा अर्चना

शारदीय नवरात्र के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री का पूजन हुआ। वहीं घर-घर में कन्याओं को जिमाकर व्रत का पारायण किया गया।

शारदीय नवरात्र की नौवमीं पर घरों, मंदिरों में महागौरी की विशेष पूजा अर्चना हुई। शहर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। कालिका भवन, डाट काली, माता मंदिर, टपकेश्वर मंदिर, पृथ्वीनाथ मंदिर, दुर्गा माता मंदिर, जंगम शिवालय आदि में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। फिर हवन पूजन के बाद मां को चुनरी, श्रृंगार का सामान, प्रसाद आदि समर्पित किया गया।

भक्तों ने मां दुर्गा के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री की उपासना कर वरदान मांगा। इस दिन व्रत का पारायण करने वालों ने कन्या पूजन किया। विधि विधान से नौ कन्याओं, भैरव स्वरूप बालकों के पांव धोकर, तिलक लगाने के बाद चने हलवे का प्रसाद खिलाया और दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया।

फिर प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारायण किया। कन्या पूजन में मुहूर्त का विशेष ध्यान रखा गया। कई स्थानों पर विशेष पूजा-अर्चना, देवी जागरण आदि का भी आयोजन किया गया था। राम नवमी पर आज दोपहर 3:05 बजे तक शुभ समय है। श्रद्धालु इस समय तक हवन पूजन, कन्या पूजन कर सकते हैं, जो नवमी का भी व्रत रखते हैं वे दशहरा पर 4:18 तक पूजन कर सकते हैं।

पृथ्वीनाथ मंदिर में हुई महागौरी की पूजा

श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में महंत रविंद्र पुरी महाराज के सानिध्य में मां भगवती के नौवें स्वरूप की पूजा की गई। मंदिर में पंडित आशीष उनियाल ने श्री दुर्गा पाठ किया। इधर, नवमी पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने माता को चुनरी, चने हलवा का प्रसाद, श्रृंगार का सामान अर्पित किया।

महाअष्टमी पर हुआ 108  कन्याओं का पूजन

माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर टपकेश्वर महादेव में शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर विशेष पूजा हुई। इस दौरान 108 कन्याओं का पूजन किया गया। मंदिर में मां भगवती के आठवें स्वरूप मां गौरी की विशेष पूजा हुई। फिर 108 कन्याओं का पूजन हुआ, जबकि देवी के प्रतीक रूप नौ कन्याओं का विशेष पूजन किया गया। उनके चरण धो कर, तिलक लगाकर एवं चुन्नी धारण कराकर आरती की गई। दक्षिणा भेंटकर हलवा पूड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। गुरु विपिन जोशी ने कहा कि लोग नकली अभिनेता अभिनेत्रियों को आदर्श बना रहे हैं।

इसलिए संस्कार और संस्कृति का पतन हो रहा है। उन्होंने युवाओं से रील लाइफ और रीयल लाइफ के अंतर को समझने का आह्वान किया। मसूरी विधायक गणेश जोशी ने भी कन्या पूजन में हिस्सा लिया। जोशी ने बताया कि आज पूर्णाहुति यज्ञ और भंडारा होगा। इस दौरान एचसी सेमवाल, नीरज अग्रवाल, गीता जोशी मौजूद रहे।

करीब छह साल बाद दिन में हुई संधि पूजा

उत्तरायन कालीबाड़ी पूजा  समिति मॉडल कॉलोनी आराघर की ओर से दुर्गा महाअष्टमी पर विशेष संधि पूजा की गई। जिसमें महिलाओं ने धुनुची नृत्य कर मां दुर्गा की आराधना की और मां से परिवार की कुशलता की कामना की। आराघर स्थित मंदिर में दुर्गा अष्टमी महोत्सव मनाया गया। समिति के मुकेश मुखर्जी ने बताया कि करीब पांच-छह सालों में यह संयोग बना है कि संधि की पूजा का मुहुर्त दोपहर पौने दो से पौने तीन बजे के बीच निकला।

आमतौर पर यह रात को कभी डेढ़, ढाई तो कभी तीन बजे निकलता था। इस मौके पर महिलाओं ने व्रत रखे और पूजा के बाद पेठा की बलि दी। शाम को बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। इस दौरान गौतम बोस, एसके बोस, स्वरुप चक्रवर्ती, दीपक मुखर्जी, पीवी घोष, प्रसेनजीत दत्ता आदि मौजूद थे।

Back to top button