वैन चालकों ने शहर के गांधीनगर में विरोध रैली निकालकर ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के खिलाफ विरोध किया प्रदर्शन

ट्रैफिक पुलिस द्वारा बिना परमिट वाली स्कूल वैन के सड़कों पर दौड़ाने के प्रतिबंध के खिलाफ सैकड़ों वैन चालकों ने शहर के गांधीनगर में विरोध रैली निकालकर ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। वैन चालकों ने साफ किया कि जब तक स्कूल वैन को दौड़ाने की अनुमति नहीं मिलेगी तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

इधर एसएसपी ट्रैफिक जोगिन्द्र सिंह का कहना है कि स्कूली बसों को लेकर सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी निर्देशों का पालन किया जाएगा और जो कोई इसका पालन नहीं करेगा उसकी वैन जब्त कर ली जाएगी।

इसी बीच वैन चालकों के पक्ष में कुछ अभिभावक भी आ गए हैं। उनका कहना है कि एक तरफ कश्मीर संभाग में डीसी की अनुमति के उपरांत स्कूली बच्चों को ले जाने वाली वैन सड़कों पर दौड़ रही हैं तो वहीं जम्मू संभाग के वैन चालकों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों अपनाया जा रहा है। अधिकतर वैन चालकों ने जीविका के लिए बैंक से लोन लेकर गाड़ी खरीदी है और ऐसे में अब इनके पहिए थम जाने से स्कूली बच्चों सहित वैन चालकों के परिवार प्रभावित होंगे। अभिभावकों ने ट्रांसपोर्ट कमिश्नर डॉ. एसपी वैद से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।

Back to top button