वेस्टइंडीज ने भारतीय टीम के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए किया अपनी टीम का ऐलान

वेस्टइंडीज ने भारतीय टीम के खिलाफ होने वाले दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. क्रिकेट वेस्टइंडीज के अंतरिम चयन समिति ने कुल 13 सदस्यों की टीम चुनी है. यह सीरीज आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा है. भारत और वेस्टइंडीज की टीमें फिलहाल तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही हैं. पहला वनडे बारिश में धुल गया, जबकि तीन मैचों की टी-20 सीरीज में मेहमान टीम ने क्लीन स्वीप किया था.
टेस्ट सीरीज के लिए ऑफ स्पिनर ऑलराउंडर रहकीम कॉर्नवॉल को पहली बार स्क्वॉड में शामिल किया गया है. 26 साल के कॉर्नवॉल ने 2014 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था. उसके बाद से अब तक 55 मैचों में उन्होंने 260 विकेट चटकाए हैं. कॉर्नवॉल मध्य और निचले क्रम में बल्ले से भी अच्छा योगदान देने में सक्षम हैं. उन्होंने 97 फर्स्ट क्लास पारियों में करीब 25 की औसत से रन बनाए हैं. उनके नाम एक शतक और 13 अर्धशतक दर्ज हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में मिली 2-1 की ऐतिहासिक जीत में मेजबान टीम का हिस्सा रहे तेज गेंदबाज अलजारी जोसफ को चोटिल होने के कारण नहीं चुना गया है.
वेस्टइंडीज-ए टीम के कप्तान शामराह ब्रूक्स को टीम में शामिल किया गया है. कॉर्नवॉल की तरह ब्रूक्स ने भी अब तक मेजबान टीम के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है. दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच 22 से 26 अगस्त तक एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर, जबकि दूसरा मुकाबला 30 अगस्त से 3 सितंबर जमैका के सबीना पार्क में खेला जाएगा.
टीम : जेसन होल्डर (कप्तान), क्रेग ब्रैथवेट, डेरेन ब्रावो, शमाराह ब्रूक्स, जॉन कैम्पबेल, रोस्टन चेस, रहकीम कॉर्नवॉल, शेन डाउरिच, शेनॉन गैब्रियल, शिमरोन हेटमेयर, शाई होप, कीमो पॉल, केमार रोच.





