वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली वनडे सीरीज से बाहर हुए शिखर धवन, मयंक अग्रवाल को मौका

भारतीय टेस्ट टीम के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाले तीन मैचों की वनडे सीरीज में चोटिल शिखर धवन की जगह लेंगे. कर्नाटक के 28 साल के इस क्रिकेटर को अंतरराष्ट्रीय सीमित ओवरों के प्रारूप में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है.

भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई (15 दिसंबर), विशाखापत्तनम (18 दिसंबर) और कटक (22 दिसंबर) में एकदिवसीय मुकाबले खेलेगी. धवन का घुटना सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के दौरान चोटिल हो गया था.

अंतिम बाजी जीतने उतरेगा भारत, आज है निर्णायक टी-20

गौरतलब है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में चोटिल शिखर धवन की जगह संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया. ऐसा लग रहा था कि धवन वनडे सीरीज से पहले फिट हो जाएंगे, लेकिन उनकी चोट अनुमान से ज्यादा गंभीर है.

बीसीसीआई के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पहले ही कहा था कि चयन समिति ने टीम प्रबंधन से सलाह के बाद शिखर के स्थान पर मयंक के नाम की सिफारिश की है.

ऐसा पहली बार नहीं है कि मयंक अग्रवाल वनडे में टीम इंडिया का हिस्सा बने हैं. विश्व कप के दौरान विजय शंकर की जगह उन्हें टीम इंडिया स्क्वॉड में शामिल किया गया था, हालांकि तब उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला. मयंक ने लिस्ट-ए क्रिकेट में अब तक 50.90 की औसत से 13 शतकों और 15 अर्द्धशतकों के साथ 3869 रन बनाए हैं.

वनडे: टीम इंडिया स्क्वॉड

विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शिवम दुबे, केदार जाधव, रवींद्र जडेजा, यजुवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, दीपक चाहर, मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार.

वनडे सीरीज: भारत बनाम वेस्टइंडीज

पहला वनडे: 15 दिसंबर 2019, चेन्नई

दूसरा वनडे: 18 दिसंबर 2019, विशाखापत्तनम

तीसरा वनडे: 22 दिसंबर 2019, कटक

 
Back to top button