वेटोरी ने कहा-लगातार तीन मैचों में मिली हार का कीवी टीम पर कोई असर नहीं….

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान डेनियल वेटोरी मानते हैं कि आईसीसी वर्ल्ड कप में लगातार तीन हार से उनकी टीम के सेमीफाइनल में प्रदर्शन पर विपरीत असर नहीं होगा. कीवी टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. वह 10 टीमों की तालिका में चौथे स्थान पर रही.
इस टीम ने आगाज तो काफी धमाकेदार किया था और शुरुआती छह में से पांच मैच जीते थे. उसका एक मैच बारिश में धुला था, लेकिन इसके बाद उसे लगातार तीन मैचों में हार मिली. उसके खाते में कुल 11 अंक रहे. अच्छे नेट रन रेट ने उसे सेमीफाइनल में पहुंचा दिया है.
आईसीसी वेबसाइट पर लिखे अपने स्तम्भ में वेटोरी ने लिखा, ‘न्यूजीलैंड के नजरिए से लगातार तीन मैच हारना अच्छी बात नहीं, लेकिन इससे मेरी नजर में टीम के आगे के प्रदर्शन पर कोई विपरीत असर नहीं होगा. मैं टीम के कुछ खिलाड़ियों को जानता हूं और मेरा विश्वास है कि यह टीम जीत की पटरी पर लौटते हुए खिताब तक पहुंचेगी.’
वेटोरी ने कहा कि कीवी टीम में छह या सात खिलाड़ी ऐसे हैं, जो अपने दम पर मैच जिता सकते हैं और काफी सकरात्मक बात है. बकौल वेटोरी, ‘मैं जिन खिलाड़ियों को जानता हूं, उनमें से छह या सात ऐसे हैं, जो अपने दम पर मैच जिता सकते हैं. यह काफी रोचक बात है.’





