विहिप को कांग्रेस का बड़ा ऑफर, बोली घोषणापत्र में शामिल करें राम मंदिर तो देंगे समर्थन

लखनऊ। लोकसभा चुनाव का समय नजदीक है। देश में इस वक्त राम मंदिर का मुद्दा काफी गरमाया हुआ है। विपक्ष लगातार राम मंदिर मसले को लेकर बीजेपी पर हमलावर है। तो वहीं संत समाज में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। वहीं अब विश्व हिन्दू परिषद ने बीजेपी को जोरदार झटका दिया है।
कांग्रेस अपने घोषणापत्र में राम मंदिर का मुद्दा शामिल करती है तो विहिप देगी समर्थन
विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कुंभ मेले में कहा है कि अगर कांग्रेस अपने घोषणापत्र में राम मंदिर का मुद्दा शामिल करती है। तो हम उसे समर्थन देने पर विचार करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो प्रतिबंध लगाया है कि संघ के स्वयं सेवक कांग्रेस में नहीं जा सकते, उसे वापस ले। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस अपने दरवाजे तो हमारे लिए खोले। कांग्रेस ने तो अपने दरवाजे हमारे लिए बंद कर रखे हैं। कांग्रेस के साथ जाने के लिए पहले कांग्रेस सेवा दल से जुडऩा होता है। यदि कांग्रेस हमारे लिए अपने दरवाजे खोलती है और अपने चुनावी घोषणा पत्र में राम मंदिर निर्माण को शामिल करती है तो हम विचार करेंगे।
ये भी पढ़ें :-मायावती पर अभद्र टिप्पणी पर भड़के अठावले, विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग
एक फरवरी को धर्म संसद में अब संत ही तय करेंगे कि हमें क्या करना है?
आलोक कुमार ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमें लगता था कि सरकार कानून बनाएगी। हमने आग्रह भी किया था और सरकार को कानून लाना भी चाहिए था, लेकिन अब लगता है कि सरकार कानून नहीं लाएगी। कम से कम इस कार्यकाल में तो नहीं ही। इसलिए हम दूसरे विकल्पों के साथ संतों के सामने इस मामले को रखेंगे। एक फरवरी को धर्म संसद में अब संत ही तय करेंगे कि हमें क्या करना है? जानने योग्य है कि नए साल के पहले सप्ताह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि राम मंदिर का मामला कोर्ट में है, लेकिन 2019 के चुनाव में नौकरी, किसानों की चिंता, भ्रष्टाचार जैसे मसले अहम होंगे।





