विश्व कप 2019 देखने के लिए हैं उत्सुक, तो बुक करा लें सीट…

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के व्यावसायिक महाप्रबंधक कैंपबेल जेमीसन ने बुधवार को कहा कि इंग्लैंड में 2019 में होने वाले विश्व कप के कुल 3500 टिकट भी नहीं बचे हैं।
जेमीसन ने बताया कि 30 मई से 14 जुलाई तक ब्रिटेन में होने वाले टूर्नामेंट के अधिकांश टिकट बिक चुके हैं। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के दौरान कुल 48 मैच खेले जाएंगे। भारत के सभी मैचों के टिकट बिक चुके हैं, जिसमें 16 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मैच भी शामिल है।
आईसीसी और भारतीय बीयर ब्रांड बिरा 91 के बीच साझेदारी की घोषणा के बाद जेमीसन ने पीटीआई से कहा, ‘विश्व कप के अधिकांश मैचों के टिकट बिक चुके हैं। मुझे लगता है कि हमारे पास लगभग 3500 टिकट ही बचे हैं। यह दर्शाता है कि खेल में हर बार से अधिक दिलचस्पी है।’
इंग्लैंड 30 मई को टूर्नामेंट के पहले मैच में द ओवल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा जबकि फाइनल 14 जुलाई को लॉर्ड्स पर खेला जाएगा।





