विराट कोहली की गैरमौजूदगी में नए प्रयोग कर सकती भारतीय टीम, बैटिंग ऑर्डर में बदलाव के संकेत

विराट कोहली की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम पहले वनडे में बल्लेबाजी क्रम में नए प्रयोग कर सकती है। ऐसे संकेत मिले हैं कि केएल राहुल नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर सकते हैं, जबकि ईशान किशन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

धर्मशाला में अफगानिस्तान के विरुद्ध पहले वनडे से पूर्व भारतीय टीम के एकमात्र अभ्यास सत्र में ईशान किशन को विकेटकीपिंग अभ्यास करते देखा गया, जबकि केएल राहुल आउटफील्ड में ऊंचे कैच लेने का अभ्यास कर रहे थे। राहुल पिछले कई वर्षों से सीमित ओवरों की क्रिकेट में भारत के प्रमुख विकेटकीपर-बल्लेबाज रहे हैं, लेकिन ईशान की वनडे टीम में वापसी के बाद उनकी भूमिका में बदलाव संभव है।

चोट के कारण सीरीज से बाहर

विराट कोहली चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हैं। ऐसे में टीम प्रबंधन को नंबर तीन बल्लेबाजी क्रम पर नए विकल्प आजमाने का अवसर मिला है। राहुल पिछले चार वर्षों से मध्यक्रम, खासकर नंबर पांच पर सफलतापूर्वक बल्लेबाजी करते रहे हैं, लेकिन अब उन्हें ऊपर भेजा जा सकता है।

राहुल, ईशान व यशस्वी को दिया जा सकता है मौका

भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्कल ने कहा कि अफगानिस्तान सीरीज के दौरान नंबर तीन के लिए केएल राहुल, ईशान किशन और यशस्वी जायसवाल तीनों को मौका दिया जा सकता है। मोर्कल ने कहा कि नंबर तीन की स्थिति को लेकर हम इस सीरीज में कुछ प्रयोग करेंगे।
चाहे ईशान हों, केएल राहुल हों या यशस्वी जायसवाल, यह सभी के लिए अच्छा अवसर है। हमारे पास कुछ वनडे मैच हैं और हम खिलाड़ियों को अलग-अलग क्रम पर मौका देना चाहते हैं। इससे हमें टीम संयोजन और विभिन्न विकल्पों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।

प्रिंस-गुरनूर को मिल सकता है डेब्‍यू का मौका

तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और गुरनूर बरार शनिवार को भारत के लिए पदार्पण कर सकते हैं। टीम धर्मशाला पहुंचने से पहले चंडीगढ़ में अभ्यास कर चुकी है। मोर्कल दोनों युवा गेंदबाजों से प्रभावित नजर आए। गुरनूर कई वर्षों से भारतीय टीम के नेट गेंदबाज के रूप में भी जुड़े रहे हैं।
मोर्कल ने कहा कि पहली नजर में ऐसा लगा जैसे वे पिछले चार-पांच वर्षों से टीम का हिस्सा हों। उनके चेहरे पर कोई घबराहट नहीं दिखी। अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल होने पर स्वाभाविक रूप से दबाव होता है, लेकिन जिस ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने अभ्यास किया, वह काफी प्रभावशाली था।

Back to top button